untitled design 730 x 548 px 50 1779687221
untitled design 730 x 548 px 50 1779687221

नई दिल्ली, कर्नाटक के पूर्व तेज गेंदबाज एसएल अक्षय का रविवार को दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया। वे 39 वर्ष के थे। वे 2014-15 के सीजन में रणजी ट्रॉफी जीतने वाली कर्नाटक टीम का हिस्सा थे।

अक्षय बेंगलुरु में KSCA के थर्ड डिवीजन मैच में सैफायर सीसी की ओर से खेल रहे थे। चार ओवर गेंदबाजी करने के बाद उन्होंने असहज महसूस होने की शिकायत की और मैदान से बाहर चले गए।

उन्हें तुरंत नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। शुरुआती जानकारी के अनुसार उनकी मौत दिल का दौरा पड़ने से हुई।

कर्नाटक संघ ने शोक जताया, लिखा- समर्पण और जुनून से क्रिकेट की सेवा की

कर्नाटक राज्य क्रिकेट संघ (KSCA) ने बयान जारी कर अक्षय के निधन पर शोक जताया। संघ ने कहा, ‘अक्षय ने प्रथम श्रेणी क्रिकेट में कर्नाटक का शानदार प्रतिनिधित्व किया। खेल करियर खत्म होने के बाद भी उन्होंने पूरे समर्पण और जुनून के साथ क्रिकेट की सेवा जारी रखी।’

विशेषज्ञों का कहना है कि खेल गतिविधियों के दौरान स्वास्थ्य जांच और आपातकालीन चिकित्सा सुविधाओं का उपलब्ध होना बेहद जरूरी है। हाल के वर्षों में खेल के मैदान पर खिलाड़ियों को हार्ट अटैक आने की घटनाओं ने फिटनेस और मेडिकल मॉनिटरिंग को लेकर चिंता बढ़ाई है।

सोशल मीडिया पर भी क्रिकेट प्रेमी और खेल हस्तियां दिवंगत खिलाड़ी को श्रद्धांजलि दे रहे हैं। परिवार और करीबी लोगों का रो-रोकर बुरा हाल बताया जा रहा है।