नई दिल्ली, युजवेंद्र चहल का एक वीडियो सोशल Media पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें वह कथित तौर पर फ्लाइट के अंदर ई-सिगरेट का इस्तेमाल करते नजर आ रहे हैं। वीडियो सामने आने के बाद इंटरनेट पर बहस शुरू हो गई है और कई यूजर्स ने इस पर सवाल उठाए हैं।
वीडियो में चहल को इसे छिपाने की कोशिश करते भी देखा गया है। हालांकि, इस वायरल वीडियो की प्रामाणिकता की अभी तक आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
कुछ रिपोर्ट्स में लिखा गया है कि पंजाब किंग्स ने टीम के सफर का वीडियो पोस्ट किया था, इसके ही अंदर चहल के ई-सिगरेट पीने का हिस्सा था। सोशल मीडिया में वायरल होने के बाद पंजाब ने यह वीडियो डिलीट कर दिया है।
IPL के मौजूदा सीजन में यह ई-सिगरेट से जुड़ा दूसरा विवाद है। चहल से पहले 28 अप्रैल को राजस्थान रॉयल्स के कप्तान रियान पराग पंजाब के खिलाफ मैच के दौरान मुल्लांपुर स्टेडियम के ड्रेसिंग रूम में वेपिंग करते पाए गए थे।
वायरल क्लिप में चहल विमान की सीट पर बैठे दिखाई दे रहे हैं और उनके हाथ में ई-सिगरेट जैसी वस्तु नजर आ रही है। वीडियो के सोशल मीडिया पर फैलते ही लोगों ने एयरलाइन नियमों और सार्वजनिक व्यवहार को लेकर प्रतिक्रियाएं देना शुरू कर दिया। कुछ यूजर्स ने इसे गैरजिम्मेदाराना बताया, जबकि कई लोगों ने वीडियो की सत्यता और पूरी परिस्थिति स्पष्ट होने का इंतजार करने की बात कही।
गौरतलब है कि अधिकांश एयरलाइंस में उड़ान के दौरान धूम्रपान और ई-सिगरेट के इस्तेमाल पर सख्त प्रतिबंध होता है। ऐसे में यह मामला चर्चा का विषय बन गया है। हालांकि अभी तक Yuzvendra Chahal या संबंधित एयरलाइन की ओर से इस वायरल वीडियो पर कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।
सोशल मीडिया पर वायरल होने वाले वीडियो अक्सर तेजी से चर्चा में आ जाते हैं और कई बार अधूरी जानकारी के कारण विवाद भी बढ़ जाते हैं। ऐसे में लोग अब इस मामले पर आधिकारिक प्रतिक्रिया का इंतजार कर रहे हैं।

















