image resize color correction and ai 2026 05 21t11 1779342393
image resize color correction and ai 2026 05 21t11 1779342393

पूर्व पाकिस्तानी तेज गेंदबाज मोहम्मद आमिर अब आधिकारिक तौर पर ब्रिटिश नागरिक बन गए हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक उन्हें यूनाइटेड किंगडम की नागरिकता और ब्रिटिश पासपोर्ट मिल चुका है। इसके बाद क्रिकेट जगत में उनकी भविष्य की फ्रेंचाइजी लीग भागीदारी, खासकर IPL को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।

2024 में टी-20 वर्ल्ड कप के बाद दूसरी बार संन्यास लिया

आमिर ने 2020 में संन्यास लिया था, फिर 2024 में वापसी की थी। लेकिन 2024 टी-20 वर्ल्ड कप के बाद टीम से ड्रॉप होने पर फिर संन्यास ले लिया। उन्होंने आखिरी टी-20 मैच 2024 वर्ल्ड कप में आयरलैंड के खिलाफ खेला था।

आमिर पाकिस्तान के लिए 36 टेस्ट, 61 वनडे और 62 टी-20 मैच खेल चुके हैं। वह 2017 चैम्पियंस ट्रॉफी जीतने वाली पाकिस्तानी टीम का हिस्सा थे। फाइनल में उन्होंने रोहित शर्मा, विराट कोहली और शिखर धवन जैसे भारतीय बल्लेबाजों के विकेट लेकर मैच का रुख पलट दिया था।

बताया जा रहा है कि मोहम्मद आमिर लंबे समय से ब्रिटिश नागरिकता की प्रक्रिया में थे। उनकी पत्नी नरजिस खान ब्रिटिश नागरिक हैं, जिसके आधार पर उन्होंने यूके नागरिकता के लिए आवेदन किया था। अब प्रक्रिया पूरी होने के बाद आमिर ने सोशल मीडिया पर भी “नई यात्रा” शुरू होने के संकेत दिए हैं। ब्रिटिश नागरिकता मिलने के बाद सबसे ज्यादा चर्चा इस बात को लेकर हो रही है कि क्या आमिर अब इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) में खेल सकते हैं। कई रिपोर्ट्स में दावा किया गया है कि ब्रिटिश पासपोर्ट मिलने के बाद वह एक विदेशी खिलाड़ी के रूप में IPL ऑक्शन के लिए पात्र हो सकते हैं। हालांकि इस पर अभी तक BCCI की ओर से कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

मोहम्मद आमिर पहले भी IPL खेलने की इच्छा जाहिर कर चुके हैं। उन्होंने एक इंटरव्यू में कहा था कि अगर मौका मिला तो वह IPL में जरूर खेलना चाहेंगे। क्रिकेट विशेषज्ञों का मानना है कि उनकी तेज गेंदबाजी और फ्रेंचाइजी क्रिकेट का अनुभव उन्हें कई टीमों के लिए उपयोगी विकल्प बना सकता है। गौरतलब है कि 2008 के बाद से पाकिस्तानी खिलाड़ियों ने IPL में हिस्सा नहीं लिया है। हालांकि पूर्व क्रिकेटर Azhar Mahmood ब्रिटिश नागरिकता के आधार पर IPL खेल चुके हैं, इसलिए आमिर के मामले को भी उसी नजरिए से देखा जा रहा है।