जालंधर , पंजाब के जालंधर शहर के युवा खिलाड़ी आकाशदीप ने भारतीय अंडर-18 हॉकी टीम में जगह बनाकर पूरे राज्य का गौरव बढ़ाया है। जालंधर के इस होनहार खिलाड़ी के चयन के बाद खेल जगत में खुशी की लहर है। परिवार, कोच और स्थानीय खेल प्रेमियों ने आकाशदीप की इस उपलब्धि को पंजाब के लिए गर्व का पल बताया है।
खिलाड़ी आकाशदीप ने बताया कि उन्हें हाल ही में 18 सदस्यीय भारतीय टीम में चयन की जानकारी मिली। इससे पहले वह 24 खिलाड़ियों के कैंप का हिस्सा रह चुका है। आकाशदीप ने बताया कि, लगातार अभ्यास और टूर्नामेंट में व्यस्त रहने के कारण उन्हें इस उपलब्धि का जश्न मनाने का भी समय नहीं मिला, लेकिन अब उसका पूरा ध्यान जापान में शानदार प्रदर्शन करने पर है।
कम उम्र में शानदार प्रदर्शन करने वाले आकाशदीप ने अपनी मेहनत, अनुशासन और लगातार बेहतरीन खेल के दम पर राष्ट्रीय टीम में जगह बनाई है। चयन प्रक्रिया के दौरान उन्होंने अपने कौशल और फिटनेस से चयनकर्ताओं को प्रभावित किया। अब वह अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत का प्रतिनिधित्व करते नजर आएंगे।
जालंधर को लंबे समय से भारतीय हॉकी की नर्सरी माना जाता है। इस शहर ने देश को कई बड़े हॉकी खिलाड़ी दिए हैं और अब आकाशदीप का नाम भी इसी सूची में जुड़ गया है। खेल विशेषज्ञों का मानना है कि यदि वह इसी तरह मेहनत करते रहे तो भविष्य में सीनियर भारतीय टीम तक का सफर तय कर सकते हैं।
आकाशदीप की सफलता के पीछे उनके परिवार और कोचिंग स्टाफ का बड़ा योगदान बताया जा रहा है। सीमित संसाधनों के बावजूद उन्होंने अपने लक्ष्य पर फोकस बनाए रखा और लगातार अभ्यास किया। उनकी इस उपलब्धि से पंजाब के युवा खिलाड़ियों को भी प्रेरणा मिलेगी।
भारतीय जूनियर हॉकी टीम में चयन के बाद अब आकाशदीप की तैयारी और भी तेज हो गई है। आगामी टूर्नामेंट्स में उनसे शानदार प्रदर्शन की उम्मीद की जा रही है। स्थानीय खेल संगठनों और स्कूलों ने भी इस उपलब्धि पर खुशी जाहिर करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दी हैं।
पंजाब सरकार और खेल विभाग की ओर से भी युवा खिलाड़ियों को आगे बढ़ाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। ऐसे में आकाशदीप जैसे प्रतिभाशाली खिलाड़ियों की सफलता राज्य में हॉकी के बढ़ते स्तर को दर्शाती है।
















