नई दिल्ली, भारतीय क्रिकेटर पृथ्वी शॉ एक बार फिर सुर्खियों में हैं, लेकिन इस बार वजह मैदान पर उनका आक्रामक व्यवहार है। घरेलू टूर्नामेंट के एक मैच के दौरान शॉ पर आरोप लगा है कि उन्होंने एक गेंदबाज को बल्ले से मारने की कोशिश की। इस घटना ने सोशल मीडिया और क्रिकेट जगत में व्यापक चर्चा छेड़ दी है।
15 अक्टूबर से रणजी ट्रॉफी के आगामी सीजन की शुरुआत होने वाली है। इस सीजन के शुरू होने से पहले मुंबई और महाराष्ट्र के बीच तीन दिनों का प्रैक्टिस मैच पुणे में महाराष्ट्र क्रिकेट एसोसिएशन के स्टेडियम में खेला जा रहा है।
पृथ्वी शॉ मुंबई को छोड़ कर महाराष्ट्र से खेल रहे हैं। शॉ का इस मैच में अपनी पुरानी टीम मुंबई के खिलाड़ियों के साथ नोकझोंक हुई। यह घटना तब हुई जब शॉ ने मुंबई के खिलाफ शानदार शतक (181 रन) जड़ा और इसके बाद मुंबई के स्पिनर मुशीर खान के साथ उनकी तीखी बहस हो गई।
शॉ ने 181 रन बनाए महाराष्ट्र ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी चुनी। शॉ ने सलामी बल्लेबाज के तौर पर 220 गेंदों में 181 रन की शानदार पारी खेली, जिसमें 21 चौके और तीन छक्के शामिल थे। उनके साथी सलामी बल्लेबाज अर्शिन कुलकर्णी ने भी 140 गेंदों में 186 रन बनाए, जिसमें 33 चौके और चार छक्के शामिल थे। दोनों ने मिलकर पहले विकेट के लिए 305 रनों की विशाल साझेदारी की।
शॉ के आउट होने के बाद विवाद हुआ हालांकि, विवाद तब शुरू हुआ जब शॉ 74वें ओवर में मुशीर खान की गेंद पर स्क्वायर लेग बाउंड्री पर इरफान उमैर के हाथों कैच आउट होकर पवेलियन लौटे। उस समय महाराष्ट्र का स्कोर तीन विकेट पर 430 रन था। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक शॉ के आउट होने के बाद मुशीर ने कथित तौर पर “थैंक यू” कहकर उनका मजाक उड़ाया। इस बात से नाराज शॉ ने गुस्से में मुशीर की ओर बढ़े और बल्ले से मारने की कोशिश की, हालांकि मुशीर आगे निकल चुके थे, ऐसे में उन्हें बल्ला नहीं लगा। उसके बाद शॉ ने मुशीर का कॉलर पकड़ने की कोशिश की। अंपायर और बाकी खिलाड़ियों ने शॉ को रोका।
कई बार विवादों में फंस चुके हैं पृथ्वी शॉ शॉ का विवादों से पुराना नाता रहा है। कुछ साल पहले यूट्यूबर के साथ भी उनका विवाद हो गया था। इस विवाद का भी वीडियो सामने आया था जिसमें शॉ बीच सड़क पर हाथापाई करते हुए नजर आए थे। इस मामले को लेकर उनके खिलाफ पुलिस में शिकायत भी हुई थी। शॉ लंबे समय से टीम इंडिया से बाहर हैं और वह डोमेस्टिक क्रिकेट में अच्छा प्रदर्शन करके भारतीय टीम में वापसी करना चाहेंगे। वह IPL2025 से पहले हुए मेगा ऑक्शन में भी अनसोल्ड रहे थे।
क्रिकेट बोर्ड की अनुशासन समिति आने वाले दिनों में इस मामले की जांच करेगी। अगर शॉ दोषी पाए गए, तो उन्हें मैचों से निलंबन या भारी जुर्माना भुगतना पड़ सकता है।
इस घटना से एक बार फिर यह सवाल उठ खड़ा हुआ है कि क्या भारत के युवा खिलाड़ी मानसिक रूप से मैदान के दबाव को संभालने के लिए पर्याप्त रूप से तैयार हैं या नहीं।
















