नई दिल्ली। वेस्टइंडीज क्रिकेट टीम के प्रमुख तेज गेंदबाज अल्जारी जोसेफ भारत के खिलाफ आगामी टेस्ट सीरीज से बाहर हो गए हैं। जोसेफ की अनुपस्थिति से वेस्टइंडीज की गेंदबाजी लाइनअप पर असर पड़ेगा और टीम को नई रणनीति अपनानी पड़ेगी।
भारत के खिलाफ टेस्ट सीरीज से पहले वेस्टइंडीज को एक और झटका लगा है। शमार जोसेफ के बाद उनके साथी तेज गेंदबाज अल्जारी जोसेफ भी इंजर्ड होकर बाहर हो गए। अल्जारी की जगह जेडिया ब्लेड्स को स्क्वॉड में शामिल किया गया। बोर्ड जेसन होल्डर को शामिल करना चाहता था, लेकिन वे मेडिकल कारणों से स्क्वॉड का हिस्सा नहीं बने।
भारत और वेस्टइंडीज के बीच 2 टेस्ट की सीरीज 2 अक्टूबर से अहमदाबाद में शुरू होनी है। टीम इंडिया का स्क्वॉड भी अनाउंस किया जा चुका है। शुभमन गिल ही कप्तानी करेंगे, वहीं ऋषभ पंत की गैरमौजूदगी में रवींद्र जडेजा को उप कप्तान बनाया गया।
अल्जारी जोसेफ को पीठ में इंजरी क्रिकेट वेस्टइंडीज ने बताया कि अल्जारी जोसेफ पीठ के निचले हिस्से में इंजरी के कारण बाहर हो गए। मेडिकल रिपोर्ट में सामने आया कि उनकी पिछली चोट फिर उभर आई है। नेपाल के खिलाफ UAE में टी-20 सीरीज खेल रहे पूर्व कप्तान जेसन होल्डर से टेस्ट टीम में शामिल होने के लिए कहा गया, लेकिन उन्होंने मेडिकल कारणों के चलते भारत आने से मना कर दिया।
ब्लेड्स ने अब तक टेस्ट डेब्यू नहीं किया वेस्टइंडीज ने फिर अल्जारी की जगह 23 साल के युवा तेज गेंदबाज जेडिया ब्लेड्स को स्क्वॉड में जगह दे दी। ब्लेड्स भी फिलहाल UAE में हैं और मंगलवार को तीसरा टी-20 खत्म होने के बाद भारत आ जाएंगे। ब्लेड्स ने अब तक टेस्ट डेब्यू नहीं किया है। हालांकि, वे 3 वनडे और 4 टी-20 खेल चुके हैं। फर्स्ट क्लास करियर के 13 मुकाबलों में उन्होंने 35.91 की औसत से 35 विकेट लिए।
शमार जोसेफ की जगह जोहान लेन को चुना अल्जारी और शमार जोसेफ की इंजरी के कारण वेस्टइंडीज का पेस अटैक कमजोर हो चुका है। पिछले सप्ताह शमार की जगह पेस बॉलिंग ऑलराउंडर जोहान लेन को चुना गया। ऐसे में टीम के पास जेडन सील्स ही इकलौते अनुभवी पेसर बचते हैं। जिन्होंने 10 से ज्यादा टेस्ट खेले हैं।
स्पिन डिपार्टमेंट में वेस्टइंडीज के पास जोमेल वारिकन, खैरी पियरी और कप्तान रोस्टन चेज हैं। भारत और वेस्टइंडीज के बीच दूसरा टेस्ट 10 अक्टूबर से नई दिल्ली में खेला जाना है।
















