नई दिल्ली । इंग्लैंड के अनुभवी ऑलराउंडर क्रिस वोक्स ने इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास लेने का ऐलान कर दिया है। वोक्स, जिन्होंने लंबे समय तक इंग्लैंड क्रिकेट टीम के लिए बेहतरीन प्रदर्शन किया, अब केवल फ्रेंचाइज़ी और घरेलू क्रिकेट पर ध्यान देंगे।
इंग्लैंड के पेस बॉलिंग ऑलराउंडर क्रिस वोक्स ने इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास ले लिया है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर इसकी जानकारी दी। वोक्स 2019 वनडे वर्ल्ड कप और 2022 टी-20 वर्ल्ड कप जीतने वाली इंग्लिश टीम का हिस्सा रहे। 2 महीने पहले भारत के खिलाफ टेस्ट मैच में वे इंजर्ड हाथ के साथ बैटिंग करने भी उतरे थे।
करियर में कोई पछतावा नहीं वोक्स ने सोशल मीडिया पर तीनों फॉर्मेट की जर्सी में अपनी फोटो शेयर की। उस पर लिखा, इंग्लैंड के लिए खेलकर खुशी हुई, करियर में कोई पछतावा नहीं रहा। समय आ गया है। मैंने फैसला कर लिया है कि इंटरनेशनल क्रिकेट से रिटायर होने का यही सही समय है।
इंग्लैंड के लिए खेलना बचपन का सपना था वोक्स ने आगे लिखा, ‘इंग्लैंड के लिए खेलने का सपना मैंने बचपन से ही देखा। मैं बहुत खुशनसीब रहा कि इस सपने को पूरा कर सका। इंग्लैंड के लिए 15 साल खेलते हुए मैंने कई अच्छे दोस्त बनाए, यही चीजें मेरे लिए खास रहीं।
2011 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ डेब्यू करने की याद बहुत पुरानी नहीं है, लेकिन जब आप खेल को एंजॉय करते हो तो समय बहुत तेजी से बीत जाता है। 2 वर्ल्ड कप जीतना और कुछ ऐशेज सीरीज का हिस्सा बनना मेरे लिए गर्व की बात रही। साथी प्लेयर्स के साथ सेलिब्रेशन और यादें मेरे साथ हमेशा रहेंगी।’


















