नई दिल्ली, वर्ल्ड एथलेटिक्स चैंपियनशिप 2025 में भारत के युवा एथलीट सचिन यादव ने शानदार प्रदर्शन किया, लेकिन किस्मत ने उनका साथ नहीं दिया। मात्र 40 सेंटीमीटर के अंतर से वह मेडल हासिल करने से चूक गए। यह हार जितनी निराशाजनक है, उतनी ही प्रेरणादायक भी, क्योंकि उनके खेल ने यह साबित कर दिया कि वह अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मुकाबले के लिए पूरी तरह तैयार हैं।
त्रिनिदाद एंड टोबैगो के केशॉर्न वाल्कॉट ने 88.16 मीटर के बेस्ट थ्रो के साथ गोल्ड मेडल जीता। ग्रेनाडा के एंडरसन पीटर्स (87.38 मीटर) ने सिल्वर और अमेरिका के कर्टिस थॉम्पसन (86.67 मीटर) ने ब्रॉन्ज मेडल जीता।
डिफेंडिंग चैंपियन नीरज पांच प्रयास में 84.03 मीटर का बेस्ट थ्रो ही निकाल सके। वे आठवें नंबर पर रहते हुए बाहर हुए। वहीं, ओलिंपिक गोल्ड मेडलिस्ट पाकिस्तान के अरशद नदीम चार अटैम्प्ट में 82.75 मीटर के बेस्ट थ्रो के साथ 10वें नंबर पर रहे।
कैसा रहा नीरज, नदीम और सचिन का प्रदर्शन
- नीरज चोपड़ा ने पहला थ्रो 83.65 मीटर का थ्रो किया। उनका दूसरा थ्रो 84.03 मीटर का रहा और तीसरा थ्रो फाउल रहा। चौथे प्रयास में उन्होंने 82.86 मीटर का थ्रो किया। इस तरह चार राउंड के बाद उनका बेस्ट स्कोर 84.03 मीटर का रहा। उनका पांचवां प्रयास फाउल रहा और वे मेडल की रेस से बाहर हो गए।
- नदीम ने पहला थ्रो 82.75 मीटर का थ्रो किया था। नदीम का दूसरा थ्रो फाउल रहा है। तीसरे प्रयास में 82.73 मीटर का थ्रो किया। उनका चौथा प्रयास फाउल रहा और वे 10वें नंबर पर रहते हुए मेडल की रेस से बाहर हो गए।
- इन दोनों से आगे सचिन यादव रहे। सचिन ने 86.27 मीटर का पहला थ्रो किया। सचिन का दूसरा थ्रो फाउल रहा। तीसरे प्रयास में उन्होंने 85.71 मीटर का थ्रो किया। उनका चौथा थ्रो 84.90 मीटर का रहा। उन्होंने पांचवें प्रयास में 85.96 और छठे प्रयास में 80.95 का स्कोर निकाला। इस तरह वे 86.27 मीटर के बेस्ट थ्रो के साथ चौथे नंबर पर रहे।
- त्रिनिदाद एंड टोबैगो के केशॉर्न वाल्कॉट अपने चौथे प्रयास में 88.16 मीटर के थ्रो के साथ टॉप पर चल रहे हैं।
तीन थ्रो के बाद 11वें और 12वें नंबर पर मौजूद थ्रोअर रेस से बाहर हो चुके हैं। चौथे थ्रो के बाद नौवें और 10वें नंबर के थ्रोअर बाहर हो गए। पांचवें थ्रो के बाद सातवें और आठवें नंबर पर रहने वाला थ्रोअर बाहर हुआ। नीरज इसी राउंड के बाहर हुए।

















