नई दिल्ली, नीतीश रेड्डी के शतक के दम पर भारत ने बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी के चौथे मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ वापसी कर ली है। एक समय उस पर फॉलोऑन खेलने का खतरा मंडरा रहा था। फिलहाल, टीम 116 रन से पीछे है। भारत ने मेलबर्न में शनिवार को तीसरे दिन स्टंप्स तक पहली पारी में 9 विकेट पर 358 रन बनाए। नीतीश रेड्डी 105 और मोहम्मद सिराज 2 रन पर नाबाद हैं।
इंडिया ने सुबह 164/5 के स्कोर से खेलना शुरू किया था। ऋषभ पंत ने 6 और रवींद्र जडेजा ने 4 रन से अपनी-अपनी पारी को आगे बढ़ाया। पहले सेशन में पंत 28 और रवींद्र जडेजा 17 रन बनाकर आउट हुए। तब टीम इंडिया का स्कोर 221/7 था। यहां से नीतीश रेड्डी और वॉशिंगटन सुंदर ने 8वें विकेट के लिए 285 बॉल पर 127 रन की साझेदारी करके फॉलोऑन टाला। सुंदर 162 बॉल पर 50 रन बनाकर आउट हुए।
ऑस्ट्रेलिया से पैट कमिंस और स्कॉट बोलैंड ने 3-3 विकेट झटके। नाथन लायन को 2 विकेट मिले। एक दिन पहले शुक्रवार, 27 दिसंबर को ऑस्ट्रेलिया ने पहली पारी में 474 रन बनाए थे।
भारत: रोहित शर्मा (कप्तान), यशस्वी जायसवाल, केएल राहुल, विराट कोहली, ऋषभ पंत, रवींद्र जडेजा, नीतीश रेड्डी, वॉशिंगटन सुंदर, जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद सिराज, आकाश दीप।
ऑस्ट्रेलिया: पैट कमिंस (कप्तान), उस्मान ख्वाजा, सैम कोंस्टास, मार्नस लाबुशेन, स्टीव स्मिथ, ट्रैविस हेड, मिचेल मार्श, एलेक्स कैरी (विकेटकीपर), मिचेल स्टार्क, नाथन लायन और स्कॉट बोलैंड।

















