नई दिल्ली, इंग्लैंड दौरे से लौटने के बाद भारतीय कप्तान शुभमन गिल डोमेस्टिक क्रिकेट खेलते नजर दिखेंगे। उन्हें डोमेस्टिक सीजन के पहले टूर्नामेंट दलीप ट्रॉफी के लिए नॉर्थ जोन का कप्तान बनाया गया है। गिल के अलावा, भारतीय विकेटकीपर ध्रुव जुरेल सेंट्रल जोन के कप्तान बनाए गए हैं।
शुक्रवार को दोनों जोन की टीमें जारी की गई हैं। पिछले हफ्ते भारतीय ओपनर यशस्वी जायसवाल को वेस्ट जोन का कप्तान बनाया गया था, जबकि गेंदबाजी ऑलराउंडर शार्दुल ठाकुर को वेस्ट जोन की कमान सौंपी गई है। मुंबई इंडियंस के बल्लेबाज तिलक वर्मा साउथ जोन के लिए दलीप ट्रॉफी 2025 में खेलेंगे और टीम की कप्तानी भी करेंगे। दलीप ट्रॉफी 28 अगस्त से शुरू हो रही है।
दलीप ट्रॉफी का पिछला टाइटल मयंक अग्रवाल की कप्तानी वाली इंडिया ए ने जीता था। टीम ने फाइनल राउंड में इंडिया सी को 132 रन से हराया।
शानदार फॉर्म में हैं गिल, इंग्लैंड में 4 सेंचुरी लगाई
भारतीय कप्तान शुभमन गिल शानदार फॉर्म में हैं। उन्होंने इंग्लैंड के खिलाफ 5 मैचों की टेस्ट सीरीज में 4 शतकों के सहारे 754 रन बनाए थे। उनकी टीम में आयुष बडोनी, यश धुल, अर्शदीप सिंह, हर्षित राणा और अंशुल कम्बोज जैसे खिलाड़ी हैं। नॉर्थ जोन का पहला मैच ईस्ट जोन होगा। जो बेंगलुरु स्थित BCCI के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस ग्राउंड में 28 से 31 अगस्त तक खेला जाएगा।
गिल ने पिछले साल भी दलीप ट्रॉफी में खेला था और पहले मैच में इंडिया ए टीम की कप्तानी की थी। हालांकि, उनकी कप्तानी में इंडिया ए को अभिमन्यु ईश्वरन की अगुवाई वाली इंडिया बी टीम के खिलाफ 76 रनों से हार का सामना करना पड़ा था। गिल ने रणजी ट्रॉफी के पिछले सीजन में पंजाब की कप्तानी की थी।
रजत पाटीदार को सेंट्रल जोन का उपकप्तान बनाया रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) को पहली बार IPL जिताने वाले कप्तान रजत पाटीदार को सेंट्रल जोन का उपकप्तान बनाया गया है। उनके अलावा, कुलदीप यादव, दीपक चाहर, सारांश जैन और खलील अहमद को सेंट्रल जोन की टीम में रखा गया है। सेंट्रल जोन का पहला मैन नॉर्थ-ईस्ट जोन से होगा।
जोन फॉर्मेट में लौटी दलीप ट्रॉफी इस साल दलीप ट्रॉफी फिर से जोन आधारित फॉर्मेट में खेली जाएगी। पिछली बार इसे चार टीमों (ए, बी, सी, डी) के बीच खेला गया था। इसके बाद इसे फिर से पुराने फॉर्मेट में कराने का फैसला लिया गया है। इस बार फिर दलीप ट्रॉफी के साथ भारत के डोमेस्टिक सीजन की शुरुआत हो रही है।















