नई दिल्ली, पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) ने तेज गेंदबाज शाहीन शाह अफरीदी को पाकिस्तान की वनडे टीम का नया कप्तान नियुक्त किया है। यह फैसला उस समय आया है जब पाकिस्तान क्रिकेट एक परिवर्तनशील दौर से गुजर रहा है और टीम को एक नए दृष्टिकोण, जोश और नेतृत्व की सख्त जरूरत है। शाहीन की नियुक्ति को युवाओं में आत्मविश्वास जगाने और टीम में नई ऊर्जा भरने की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है।
पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) ने मोहम्मद रिजवान को वनडे टीम की कप्तानी से हटा दिया है। उनकी जगह तेज गेंदबाज शाहीन शाह अफरीदी को कप्तान नियुक्त किया गया है। विकेटकीपर बैटर रिजवान को 10 महीने पहले ही वनडे टीम की कमान सौंपी गई थी। PCB ने उन्हें कप्तानी से हटाने की जानकारी रावलपिंडी टेस्ट के पहले दिन के खेल के बाद दी गई। पाकिस्तान-दक्षिण अफ्रीका के बीच खेले जा रहे इस मैच में रिजवान और शाहीन दोनों खेल रहे हैं। PCB ने रिजवान को हटाने की कोई आधिकारिक वजह नहीं बताई। बोर्ड ने बस इतना कहा कि यह निर्णय इस्लामाबाद में हुई बैठक में लिया गया, जिसमें सेलेक्टर्स के साथ और व्हाइट-बॉल टीम के कोच माइक हेसन मौजूद थे। माना जा रहा है कि रिजवान को हटाने का फैसला सिर्फ कोच की सिफारिश पर नहीं, बल्कि PCB अधिकारियों की सहमति के बाद लिया गया है।
रिजवान को पिछले साल वनडे कप्तान बनाया गया था रिजवान पिछले साल नवंबर में वनडे टीम के कप्तान बनाए गए थे। उन्होंने पाकिस्तान को 2024 में ऑस्ट्रेलिया और दक्षिण अफ्रीका में सीरीज जिताई थी। तब उन्होंने खुद भी 42 की औसत से रन बनाए थे। हालांकि, इस साल टीम का प्रदर्शन कमजोर रहा और चैंपियंस ट्रॉफी 2025 में पाकिस्तान पहले ही दौर में बाहर हो गया।















