CSK ने बयान जारी कर कहा- ‘एमएस धोनी ने IPL 2024 की शुरुआत से पहले चेन्नई सुपर किंग्स की कप्तानी ऋतुराज गायकवाड को सौंप दी है। गायकवाड 2019 से चेन्नई सुपर किंग्स का हिस्सा हैं और उन्होंने इस दौरान IPL में 52 मैच खेले हैं। टीम आगामी सीजन का इंतजार कर रही है।’ इस सीजन का ओपनिंग मैच चेन्नई और बेंगलुरु के बीच एमए चिदंबरम स्टेडियम में शुक्रवार को खेला जाएगा। चेन्नई सुपर किंग्स ने इंडियन प्रीमियर लीग (IPL-2024) की शुरुआत से एक दिन पहले कप्तान बदलने की घोषणा की है। टीम को 5 बार चैंपियन बना चुके महेंद्र सिंह धोनी ने कप्तानी छोड़ने का फैसला किया है।
उनकी जगह 27 साल के युवा बल्लेबाज ऋतुराज गायकवाड टीम की कमान संभालेंगे। वे फ्रेंचाइजी के चौथे कप्तान बने हैं। इससे पहले, एमएस धोनी, सुरेश रैना और रवींद्र जडेजा टीम की कमान संभाल चुके हैं।
गायकवाड को क्यों बनाया गया कप्तान?
गायकवाड को क्रिकेटिंग सर्किल में काफी पहले से लीडरशिप ऑप्शन के तौर पर देखा जा रहा था। जब उन्होंने चेन्नई के लिए पहला सीजन खेला था तब से ही कुछ एक्सपर्ट उन्हें भविष्य का कप्तान बता रहे थे। वे धोनी की पसंद भी बताए जा रहे हैं। गायकवाड अभी 27 साल के ही हैं और लंबे समय तक टीम के लिए खेल सकते हैं।
इसके अलावा बल्लेबाजी में वे काफी कंसिसटेंट रहते हैं। 2022 सीजन को छोड़कर हर साल उन्होंने CSK के लिए 40 से ऊपर की औसत से रन बनाए हैं। वे घरेलू क्रिकेट में महाराष्ट्र की कप्तानी भी करते रहे हैं।


















