image 2025 09 01T184326.965
image 2025 09 01T184326.965

रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) विक्ट्री सेरेमनी के दौरान मची भगदड़ में जान गंवाने वाले फैंस की याद में मेमोरियल बनाएगी। जहां RCB के सबसे जुनूनी फैंस के नाम, उनकी कहानियां और उनसे जुड़ी चीजों को संजोकर रखा जाएगा।

फ्रेंचाइजी ने यह ऐलान सोमवार को अपने 6 पॉइंट्स के मैनिफेस्टो में किया। RCB Cares नाम की इस पहल में कहा गया- ‘फ्रेंचाइजी अब केवल आर्थिक मदद तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि प्रभावित परिवारों और फैंस की याद को जीवित रखने के लिए ठोस कदम उठाएगी।’ 2 दिन पहले RCB ने हादसे में जान गंवाने वाले के हर परिवार को 25-25 लाख रुपए की आर्थिक सहायता देने का ऐलान किया था।

पहली बार IPL जीतने के बाद RCB ने 4 जून को बेंगलुरु में विक्ट्री परेड निकाली थी। इस परेड में एम चिन्नास्वामी स्टेडियम के बाहर भगदड़ मच जाने की वजह से 11 लोग मारे गए थे और 50 से ज्यादा घायल हो गए थे। जान गंवाने वाले सभी लोग 35 साल से कम उम्र के थे। सबसे छोटी पीड़िता 13 साल की दिव्यांशी थी। मरने वालों में तीन टीनएजर और छह युवा थे, जिनकी उम्र 20 से 30 साल के बीच थी।

मैनिफेस्टो में RCB के 6 वादे

  1. भगदड़ से प्रभावित परिवारों और फैंस को आर्थिक मदद से ज्यादा सहयोग करेंगे। उन्हें तेज, पारदर्शी और मानवीय सहायता देंगे।
  2. स्टेडियम अथॉरिटी और स्पोर्टिंग बॉडीज के साथ मिलकर बेहतर क्राउड मैनेजमेंट प्रोटोकॉल्स तैयार करेंगे।
  3. ग्रामीण क्षेत्रों के विकास के लिए सोशल डेवलपमेंट प्रोग्राम चलाएंगे। जिसकी शुरुआत सिद्दी समुदाय से होगी।
  4. रिसर्च और ट्रेनिंग के जरिए हर साल फैन सेफ्टी ऑडिट फ्रेंम वर्क तैयार होगा। अपने ऑन ग्राउंड पार्टनर्स को क्राउड मैनेजमेंट और इमरजेंसी रिस्पॉन्स की ट्रेंनिंग देंगे।
  5. बेंगलुरु में एक जगह बनाकर हादसे में खोए फैंस के नाम, उनकी कहानियां और उनसे जुड़ी चीजों को संजोएंगे। यह एक स्थायी श्रद्धांजलि होगी।
  6. स्टेडियम में रोजगार, स्थानीय प्रतिभाओं को बढ़ावा और नई पीढ़ी को खेल में अवसर प्रदान करेंगे।

कर्नाटक सरकार ने RCB को जिम्मेदार ठहराया था

17 जुलाई को कर्नाटक सरकार की जांच रिपोर्ट में RCB को हादसे का जिम्मेदार ठहराया गया था। इसमें विराट कोहली का भी जिक्र था। रिपोर्ट में कहा था कि RCB ने चिन्नास्वामी स्टेडियम में आयोजित विक्ट्री परेड के लिए परमिशन नहीं ली थी। हालांकि, सरकार ने यह भी कहा था कि आयोजन को अचानक रद्द करने से हिंसा भड़क सकती थी और शहर में कानून-व्यवस्था बिगड़ सकती थी।