नई दिल्ली । लॉर्ड्स स्टेडियम में 5 दिन चले रोमांचक टेस्ट में इंग्लैंड ने भारत को 22 रन के करीबी अंतर से हरा दिया। इसी के साथ टीम ने 5 टेस्ट की सीरीज में 2-1 की बढ़त बना ली। 5वें दिन रवींद्र जडेजा ने इंटरनेशनल क्रिकेट में 7000 रन बनाने के साथ 600 विकेट लेने का रिकॉर्ड बना लिया।
नीतीश कुमार रेड्डी लंच सेशन से ठीक पहले आउट हो गए। जडेजा और ब्रायडन कार्स में बहस हुई। वहीं जोफ्रा आर्चर ने वॉशिंगटन सुंदर का बेहतरीन कैच पकड़ा। मोहम्मद सिराज ने शोएब बशीर की गेंद को डिफेंड किया, गेंद उनके बैट पर भी लगी, लेकिन क्रीज पर टप्पा खाकर स्टंप्स से टकरा गई।
जडेजा ने इंग्लैंड में लगातार चौथी फिफ्टी लगाई रवींद्र जडेजा लॉर्ड्स टेस्ट की दूसरी पारी में 61 रन बनाकर नॉटआउट रहे। उन्होंने टेस्ट सीरीज में लगातार चौथी फिफ्टी लगाई। जडेजा ने पहली पारी में 72 रन बनाए थे। उन्होंने दूसरे टेस्ट की दोनों पारियों में भी फिफ्टी लगाई थी। जडेजा इंग्लैंड में लगातार 4 फिफ्टी लगाने वाले भारत के तीसरे ही टेस्ट प्लेयर बने। उनसे पहले ऋषभ पंत और सौरव गांगुली ही ऐसा कर सके।
72 साल बाद भारतीय ने लॉर्ड्स टेस्ट में 2 फिफ्टी लगाईं रवींद्र जडेजा लॉर्ड्स टेस्ट की दोनों पारियों में फिफ्टी लगाने वाले दूसरे ही भारतीय बने। उनसे पहले 1952 में वीनू मांकड ने पहली पारी में 72 और दूसरी पारी में 184 रन बनाए थे। इन 2 के अलावा कोई भी भारतीय लॉर्ड्स टेस्ट की दोनों पारियों में 50 प्लस स्कोर नहीं बना सका।
जडेजा के 7000 इंटरनेशनल रन पूरे रवींद्र जडेजा 61 रन बनाकर दूसरी पारी में नॉटआउट रहे। इसी के साथ उन्होंने तीनों फॉर्मेट मिलाकर 7 हजार रन पूरे कर लिए। उनके नाम इंटरनेशनल क्रिकेट में 611 विकेट भी हैं। जडेजा 600 विकेट के लेने के साथ 7 हजार रन बनाने वाले भारत के दूसरे ही प्लेयर बने। उनसे पहले पूर्व कप्तान कपिल देव ही ऐसा कर सके। कपिल के नाम 687 विकेट और 9031 रन हैं।
DRS के कारण आउट हुए राहुल भारत के ओपनर केएल राहुल रिव्यू के कारण आउट हुए। 24वें ओवर की पांचवीं बॉल बेन स्टोक्स ने गुड लेंथ पर इन स्विंगर फेंकी। गेंद राहुल के पैड्स पर लगी, इंग्लैंड ने LBW की अपली की, लेकिन अंपायर ने नॉटआउट का इशारा दे दिया।
कप्तान स्टोक्स ने रिव्यू लिया, रिप्ले में नजर आया कि बॉल स्टंप्स को लग रही है। अंपायर ने अपना फैसला बदला और राहुल को 39 रन के स्कोर पर पवेलियन लौटना पड़ा। उन्होंने पहली पारी में शतक लगाया था।

















