नई दिल्ली 29 मई – IPL 2025 का क्वालिफायर-1 आज पंजाब किंग्स और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के बीच होगा। मैच मुल्लांपुर के महाराजा यादवेंद्र सिंह इंटरनेशनल स्टेडियम में शाम 7:30 बजे से खेला जाएगा। आज जीतने वाली टीम फाइनल का टिकट हासिल कर लेगी। जबकि, हारने वाली टीम को एक और मौका मिलेगा, वो क्वालिफायर-2 खेलेगी।
पंजाब और बेंगलुरु IPL इतिहास में पहली बार प्लेऑफ मुकाबले में भिड़ेंगी। पंजाब के अर्शदीप सिंह बेंगलुरु के ओपनर फिल सॉल्ट को चार बार आउट कर चुके हैं। वहीं, बेंगलुरु के विराट कोहली अच्छी फॉर्म में हैं। वे इस सीजन में 8 अर्धशतक लगा चुके हैं। दोनों टीमें सीजन में तीसरी बार आमने-सामने होंगी। इससे पहले जब दो मुकाबले खेले गए तो दोनों ने एक-एक जीते।
RCB और PBKS के बीच IPL इतिहास में अब तक 35 मुकाबले खेले गए हैं। इसमें PBKS को 18 और RCB को 17 मैचों में जीत मिली है। मुल्लांपुर के महाराजा यादवेंद्र सिंह इंटरनेशनल स्टेडियम में दोनों टीमें दूसरी बार भिड़ेंगी। पिछले मुकाबले में बेंगलुरु को 7 विकेट से जीत मिली थी।














