नई दिल्ली, गुवाहाटी टेस्ट में टीम इंडिया को 408 रन से मिली करारी शिकस्त ने पूरे क्रिकेट जगत को हिला दिया है। इस शर्मनाक हार के तुरंत बाद टीम के कप्तान ऋषभ पंत ने खुले तौर पर अपनी जिम्मेदारी स्वीकार करते हुए फैंस और देश से माफी मांगी।
यह माफी सिर्फ एक बयान नहीं, बल्कि यह बताती है कि टीम के भीतर हालात गंभीर हैं और नेतृत्व स्तर पर भी आत्ममंथन की जरूरत महसूस की जा रही है।
गुवाहाटी टेस्ट में साउथ अफ्रीका से मिली हार के बाद भारतीय स्टैंड-इन कैप्टन ऋषभ पंत ने फैंस से माफी मांगी है। 28 साल के भारतीय विकेटकीपर पंत ने गुरुवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट किया और माफी मांगी।
पंत ने लिखा- ‘इस बात से परहेज करने का कोई मतलब नहीं है कि पिछले 2 हफ्तों में हमने अच्छा क्रिकेट नहीं खेला। हम उम्मीदों पर खरे नहीं उतर सके, इसके लिए हमें खेद है।’
भारत को बुधवार को गुवाहाटी टेस्ट में साउथ अफ्रीका के खिलाफ 408 रनों की हार मिली। रनों के लिहाज से यह भारत की अब तक की सबसे बड़ी हार है। इसी के साथ टीम पिछले 13 महीनों में दूसरी बार घर में ही क्लीन स्वीप हो गई है।
पहले से ज्यादा मजबूत होकर लौटेंगे- पंत हम इस बात से नहीं बच सकते कि पिछले दो हफ्तों में हमने अच्छा क्रिकेट नहीं खेला। एक टीम और खिलाड़ी के तौर पर हम हमेशा बेस्ट क्रिकेट खेलना चाहते हैं और करोड़ों भारतीयों के चेहरे पर मुस्कान लाना चाहते हैं।
इस बार हम उम्मीदों पर खरे नहीं उतर पाए, इसके लिए माफी चाहता हूं। लेकिन खेल आपको सीखना, बदलना और आगे बढ़ना सिखाता है। टीम के रूप में भी और व्यक्ति के रूप में भी। भारत का प्रतिनिधित्व करना हमारे जीवन का सबसे बड़ा सम्मान है। हमें पता है कि यह टीम क्या कर सकती है, और हम कड़ी मेहनत करेंगे। हम दोबारा खुद को रीसेट करेंगे और पहले से ज्यादा मजबूत होकर लौटेंगे।















