नई दिल्ली, भारतीय तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी ने अपने संन्यास को लेकर चल रही तमाम अटकलों पर विराम लगा दिया है। सोशल मीडिया और कुछ रिपोर्ट्स में यह दावा किया जा रहा था कि शमी जल्द ही अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट को अलविदा कह सकते हैं, लेकिन उन्होंने इन खबरों को पूरी तरह गलत बताते हुए साफ कहा है कि उनका फिलहाल संन्यास लेने का कोई इरादा नहीं है।
शमी ने कहा कि वे अभी भी भारतीय टीम का हिस्सा बनने और बड़े टूर्नामेंट्स में देश के लिए खेलने का सपना देख रहे हैं। उन्होंने यह भी बताया कि चोटों से उबरने के बाद वे अपनी फिटनेस पर लगातार मेहनत कर रहे हैं और जल्द ही मैदान पर वापसी करेंगे।
भारतीय क्रिकेट टीम के लिए शमी एक भरोसेमंद तेज गेंदबाज रहे हैं। टेस्ट, वनडे और टी20—तीनों ही फॉर्मेट में उनका रिकॉर्ड शानदार रहा है। खासकर वर्ल्ड कप और आईसीसी टूर्नामेंट्स में उनके प्रदर्शन ने भारत को कई अहम जीत दिलाई है।
शमी के बयान से उनके फैन्स को भी राहत मिली है, क्योंकि वे चाहते हैं कि यह स्टार पेसर आने वाले समय में एक बार फिर भारतीय टीम की जर्सी में नजर आए।
घरेलू क्रिकेट में भी खेलने को तैयार शमी ने यह भी स्पष्ट किया कि अगर उन्हें अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में मौका न मिले, तो वह घरेलू क्रिकेट खेलना जारी रखेंगे। उन्होंने कहा, ‘अगर आप मुझे अंतरराष्ट्रीय मैचों में नहीं चुनते, तो मैं घरेलू क्रिकेट खेलूंगा। मैं कहीं न कहीं खेलता रहूंगा। रिटायरमेंट जैसा फैसला तब लिया जाता है, जब आपको लगे कि आप बोर हो गए हैं, जब आप सुबह 7 बजे टेस्ट मैच के लिए उठना नहीं चाहते। लेकिन मेरे लिए अभी वह वक्त नहीं आया। आप चाहें तो मैं सुबह 5 बजे भी उठकर तैयार हो जाऊंगा।
‘ODI वर्ल्ड कप जीतने का अधूरा सपना शमी ने बताया कि उनका सबसे बड़ा लक्ष्य वनडे वर्ल्ड कप जीतना है, जो उनका एकमात्र अधूरा सपना है। 2023 वर्ल्ड कप में भारत के फाइनल तक पहुंचने की याद ताजा करते हुए उन्होंने कहा,’मेरा एक ही सपना बाकी है, वह है वनडे वर्ल्ड कप जीतना। 2023 में हम बहुत करीब थे। हमें भरोसा था, लेकिन नॉकआउट स्टेज में डर भी था। फैंस का उत्साह और समर्थन हमें प्रेरित करता था। शायद उस वक्त मेरी किस्मत में नहीं था, लेकिन मैं 2027 में वहां होना चाहता हूं।’















