नई दिल्ली, इंटर मियामी के स्टार खिलाड़ी लियोनेल मेसी और जोर्डी आल्बा को मेजर लीग सॉकर (MLS) ने एक-एक मैच के लिए बैन कर दिया है।
यह फैसला दोनों खिलाड़ियों के इस साल के MLS ऑल-स्टार गेम में भाग नहीं लेने के कारण लिया गया। इसके चलते, दोनों खिलाड़ी इंटर मियामी के अगले लीग मैच में एफसी सिनसिनाटी के खिलाफ नहीं खेल पाएंगे। इंटर मियामी के मालिक जॉर्ज मास ने इस फैसले को “कठोर” और अनुचित बताया है।
MLS का बयान MLS ने शुक्रवार को एक बयान जारी कर कहा कि लीग नियमों के अनुसार, कोई भी खिलाड़ी जो बिना पूर्व स्वीकृति के ऑल-स्टार गेम में भाग नहीं लेता, वह अपनी क्लब की अगली प्रतियोगिता में खेलने के लिए अयोग्य माना जाता है।
MLS ऑल-स्टार गेम क्या है? मेसी और आल्बा को प्रशंसकों ने ऑल-स्टार गेम के लिए चुना था, जिसमें MLS की टीम का मुकाबला मेक्सिको की लीगा एमएक्स की टीम से था। मेसी ने व्यस्त कार्यक्रम के कारण आराम करने का फैसला किया, जबकि आल्बा पुरानी चोट से जूझ रहे थे। इस वजह से इंटर मियामी ने दोनों खिलाड़ियों को इस मैच में नहीं उतारने का निर्णय लिया। इस गेम में MLS ऑल-स्टार टीम ने 3-1 से जीत हासिल की। पिछले साल भी मेसी ने चोट के कारण ऑल-स्टार गेम में हिस्सा नहीं लिया था।
MLS आयुक्त का बयान MLS आयुक्त डॉन गार्बर ने कहा, “लियोनेल मेसी को इस लीग से गहरा लगाव है। उन्होंने मेजर लीग सॉकर के लिए जितना योगदान दिया है, उतना शायद ही किसी ने किया हो। मैं उनकी इंटर मियामी के प्रति प्रतिबद्धता का सम्मान करता हूं। हालांकि, ऑल-स्टार गेम में भागीदारी का हमारा लंबे समय से चला आ रहा नियम है, जिसे लागू करना आवश्यक था। यह एक कठिन फैसला था।” उन्होंने आगे कहा कि लीग इस नियम की समीक्षा करेगी और खिलाड़ियों के साथ मिलकर भविष्य में इसे बेहतर करने पर विचार करेगी।
















