भारतीय महिला क्रिकेट की स्टार बैटर जेमिमा रोड्रिग्स ने इस बार विमेंस बिग बैश लीग (WBBL) से अपना नाम वापस ले लिया है। उनके इस फैसले ने भारतीय क्रिकेट प्रशंसकों और WBBL फैंस दोनों के बीच चर्चा को तेज कर दिया है, क्योंकि जेमिमा पिछले कई सीज़न से ऑस्ट्रेलियाई लीग में एक अहम और लोकप्रिय चेहरा रही हैं।
भारत को विमेंस वर्ल्ड कप जिताने वाली जेमिमा रोड्रिग्स ने विमेंस बिग बैश लीग (WBBL) के बाकी सीजन से अपना नाम वापस ले लिया है। उन्होंने यह फैसला अपनी करीबी दोस्त और टीममेट स्मृति मंधाना के साथ रहने के लिए किया है। 23 नवंबर को मंधाना के पिता की अचानक तबीयत बिगड़ने की वजह से उनकी शादी टालनी पड़ी थी।
जेमिमा करीब 10 दिन पहले ब्रिस्बेन हीट और होबार्ट हरिकेन्स के मैच के बाद एक तय शॉर्ट ट्रिप पर भारत आई थीं। उन्हें इस हफ्ते वापिस WBBL टीम से जुड़ना था, लेकिन हालात बदलने के बाद उन्होंने फ्रेंचाइजी से पूरे सीजन से बाहर रहने की अनुमति मांगी। क्लब ने तुरंत उनकी रिक्वेस्ट मान ली।
बॉलीवुड एक्टर सुनील शेट्टी ने भी जेमिमा के इस कदम की सराहना की और कहा कि WBBL छोड़कर स्मृति के साथ रहना असली टीममेट की पहचान है।
हमने उनकी रिक्वेस्ट मान ली- ब्रिस्बेन हीट ब्रिस्बेन हीट ने बयान जारी करते हुए कहा- जेमिमा रोड्रिग्स ने WBBL के बाकी मैचों से रिलीज की रिक्वेस्ट की थी, जिसे हमने मान लिया है। वे स्मृति मंधाना की शादी के लिए भारत आई थीं, लेकिन मंधाना के पिता की हेल्थ इश्यू के कारण समारोह टल जाने पर वे वहीं उनके साथ रुकी हुईं हैं।
फ्रेंचाइजी ने यह भी कहा कि वे जेमिमा के फैसले का पूरा समर्थन करते हैं। वे अपनी साथी खिलाड़ी के साथ रहने के लिए भारत में ही रहेंगी, इसलिए वह बाकी चार मैचों में हिस्सा नहीं लेंगी।

















