
नई दिल्ली, भारतीय क्रिकेट टीम ने घरेलू मैदानों पर टी-20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में ऐसी निरंतरता दिखाई है, जो विश्व क्रिकेट में एक मिसाल बन चुकी है। टीम इंडिया पिछले 17 घरेलू टी-20 सीरीज से अपराजेय बनी हुई है। यह उपलब्धि केवल जीत-हार के आंकड़ों तक सीमित नहीं है, बल्कि भारत की मजबूत बेंच स्ट्रेंथ, रणनीतिक सोच और बदलते हालात के अनुसार खुद को ढालने की क्षमता को भी दर्शाती है।
भारत और साउथ अफ्रीका के बीच पांच मैचों की टी-20 सीरीज का आखिरी मुकाबला आज अहमदाबाद में खेला जाएगा। इसी मैच के साथ साउथ अफ्रीका का 35 दिन का भारत दौरा भी समाप्त हो जाएगा। इस दौरे में प्रोटियाज टीम ने टेस्ट सीरीज 2-0 से अपने नाम की, जबकि वनडे सीरीज में उसे भारत के खिलाफ 2-1 से हार झेलनी पड़ी।
टी-20 सीरीज में फिलहाल भारत 2-1 से आगे है। हालांकि अहमदाबाद में साउथ अफ्रीका के पास सीरीज बराबर करने का सुनहरा मौका होगा। भारतीय टीम लखनऊ में ही सीरीज जीत सकती थी, लेकिन चौथा टी-20 मुकाबला घने कोहरे के कारण बिना एक भी गेंद फेंके रद्द हो गया। अब सीरीज का फैसला अहमदाबाद के मैच में होगा।
भारत घर में लगातार 17 टी-20 सीरीज से नहीं हारा है। टीम को आखिरी हार 2019 में ऑस्ट्रेलिया से मिली थी। इसके बाद 17 सीरीज खेली गई, इसमें 15 जीती और 2 ड्रॉ रही।
इस अजेय क्रम में भारतीय बल्लेबाजों की आक्रामकता अहम रही है। पावरप्ले में तेज शुरुआत, मध्य ओवरों में रन गति बनाए रखना और डेथ ओवरों में बड़े शॉट खेलने की क्षमता ने भारत को लगातार बढ़त दिलाई। वहीं गेंदबाजी में भी भारत ने विविधता दिखाई है—तेज गेंदबाजों की गति और स्विंग के साथ-साथ स्पिनरों की चतुराई ने विरोधी बल्लेबाजों को खुलकर खेलने नहीं दिया।
घरेलू परिस्थितियों का बेहतर उपयोग भी भारत की इस सफलता का बड़ा कारण रहा है। अलग-अलग पिचों पर खेलने की आदत, मौसम की समझ और दर्शकों का समर्थन टीम को अतिरिक्त आत्मविश्वास देता है। इसके अलावा टीम मैनेजमेंट की स्पष्ट रणनीति और कप्तानों की सूझबूझ ने अहम मौकों पर सही फैसले दिलाए हैं।
क्रिकेट विशेषज्ञों का मानना है कि यह रिकॉर्ड आने वाले वर्षों में और भी मजबूत हो सकता है, क्योंकि भारतीय क्रिकेट में प्रतिभा की कमी नहीं है। अंडर-19 और घरेलू टूर्नामेंट से निकलकर आने वाले युवा खिलाड़ी टी-20 प्रारूप के लिए पूरी तरह तैयार नजर आते हैं। यही कारण है कि भारत का घरेलू टी-20 किला फिलहाल अभेद्य दिखाई देता है और विरोधी टीमों के लिए यहां जीत दर्ज करना बेहद मुश्किल साबित हो रहा है।
अहमदाबाद में कोहरे की संभावना नहीं रिपोर्ट के अनुसार शुक्रवार को मैच के दौरान अहमदाबाद में कोहरे की संभावना नहीं है। आसमान बिल्कुल साफ होने का अनुमान है। तापमान 16 से 30 डिग्री सेल्सियस के बीच रहेगा। यानी मैच पूरे 40 ओवर का हो सकता है। यह भारत का वो हिस्से हैं जहां नवंबर, दिसंबर और जनवरी में इंटरनेशनल क्रिकेट होना चाहिए। यहां ज्यादा ठंड नहीं होती, रोशनी ज्यादा देर तक रहती है, और कोहरा और स्मॉग की कोई समस्या नहीं हैं।
















