नई दिल्ली । 9 सितंबर से शुरू होने वाले एशिया कप टी-20 के लिए भारतीय क्रिकेट टीम का ऐलान हो गया है। चीफ सिलेक्टर अजित अगरकर ने मंगलवार दोपहर करीब 3 बजे टीम की घोषणा की। टीम की कप्तानी सूर्यकुमार यादव करेंगे, जबकि भारतीय टेस्ट टीम के कप्तान शुभमन गिल को उपकप्तान बनाया गया है।
इस साल भारत क्रिकेट एशिया कप का मेजबान है। पाकिस्तान के भारत में खेलने से इनकार के बाद इसे UAE में आयोजित किया जा रहा है। टूर्नामेंट 9 सितंबर से शुरू होगा। टीम इंडिया का पहला मुकाबला 10 सितंबर को UAE से होगा।
टीम सिलेक्शन की 3 खास बात,
- गिल को उपकप्तान बनाया भारतीय टेस्ट टीम के कप्तान शुभमन गिल को उपकप्तान बनाया गया है। सिलेक्शन से पहले मीडिया रिपोर्ट्स में गिल की टीम में जगह नहीं बताई जा रही थी। उन्हें टी-20 वर्ल्ड कप में भी टीम में शामिल नहीं किया गया था। हालांकि IPL में गिल ने 650 रन बनाए थे। गिल भारतीय टेस्ट टीम के कप्तान भी हैं। उन्होंने इंग्लैंड दौरे पर पांच टेस्ट मैचों की सीरीज में 754 रन बनाए थे।
- बुमराह की टी-20 वर्ल्ड कप के बाद वापसी जसप्रीत बुमराह की टी-20 टीम में वापसी हुई हैं। उन्होंने आखिरी टी-20 इंटरनेशनल टी-20 वर्ल्ड कप 2024 का फाइनल खेला था।
- सिराज और वाशिंगटन को मौका नहीं स्क्वॉड में मोहम्मद सिराज और वाशिंगटन सुंदर को टीम में जगह नहीं मिली हैं। श्रेयस अय्यर की वापसी की उम्मीद थी लेकिन वे भी बाहर रखे गए। यशस्वी जायसवाल और सुंदर टीम के रिजर्व प्लेयर होंगे।
भारत-पाकिस्तान के 3 मुकाबले हो सकते हैं
एशिया कप में भारत-पाकिस्तान के बीच 3 मुकाबले हो सकते है। पहला मैच 14 सितंबर को दुबई इंटरनेशनल स्टेडियम में खेला जाएगा। आगे जानिए 2 मैच और कैसे संभव…
- दूसरा मैच: एशिया कप में लीग स्टेज के बाद सुपर-4 राउंड होगा। भारत-पाकिस्तान के सुपर-4 राउंड में पहुंचने पर 21 सितंबर को भारत-पाकिस्तान की दूसरी भिड़ंत हो सकती है।
- तीसरा मैच : अगर दोनों टीमें फाइनल में पहुंचती हैं, तो 28 सितंबर को भारत-पाकिस्तान के बीच एशिया कप में तीसरा मुकाबला खेला जाएगा।
भारत को ग्रुप-ए में रखा; पाकिस्तान, UAE, ओमान भी शामिल
भारतीय टीम को ग्रुप ए में रखा गया है। उसके साथ पाकिस्तान, UAE और ओमान की टीमें हैं। ग्रुप-बी श्रीलंका, बांग्लादेश, अफगानिस्तान और हॉन्गकॉन्ग हैं।
ग्रुप में सभी टीमें एक-दूसरे के खिलाफ 1-1 मैच खेलेंगी। भारत 10 सितंबर को UAE, 14 को पाकिस्तान और 19 को ओमान से भिड़ेगा।

















