भारत और पाकिस्तान के बीच क्रिकेट मुकाबला फिर देखने को मिल सकता है। ये मैच एशिया कप 2025 में खेले जाएंगे। एशियन क्रिकेट काउंसिल (ACC) ने एशिया कप 2025 की मेजबानी भारत को सौंपी है। टूर्नामेंट सितंबर में UAE में खेला जाएगा।
यह फैसला गुरुवार को ढाका में आयोजित ACC की बैठक में लिया गया, जिसमें सभी 25 सदस्य देशों ने हिस्सा लिया। BCCI की ओर से उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला वर्चुअली जुड़े। BCCI के एक अफसर ने बताया कि भारत अपने सभी मैच दुबई में खेलेगा। भारत और PAK ने आपसी सहमति से 2027 तक सभी अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंट्स में न्यूट्रल वेन्यू पर खेलने का फैसला किया है।
ब्रॉडकास्टर्स व स्पॉन्सर्स की मांग को देखते हुए भारत-पाकिस्तान को एक ही ग्रुप में रखा जा सकता है। इससे 3 मैच होने की संभावना है। पहला लीग स्टेज में, फिर सुपर सिक्स में भी कम से कम एक मुकाबला हो सकता है। यदि दोनों टीमें फाइनल में पहुंचती हैं, तो तीसरा मुकाबला भी संभव है।
भारत का एशिया कप में दबदबा एशिया कप की शुरुआत 1984 में हुई थी और अब तक यह 16 बार हो चुका है। भारत ने सबसे अधिक 8 बार खिताब जीता है, जबकि श्रीलंका ने 6 और पाकिस्तान ने 2 बार यह ट्रॉफी अपने नाम की है।
चैंपियंस ट्रॉफी में टीम इंडिया के मैच न्यूट्रल वेन्यू पर खेले गए थे
इस साल फरवरी में हुई चैंपियंस ट्रॉफी के लिए टीम इंडिया पाकिस्तान नहीं गई थी। भारत के सभी मैच UAE में कराए गए थे, यही नहीं एक सेमीफाइनल और फाइनल भी UAE में ही हुआ था। भारत ने फाइनल में न्यूजीलैंड को हरा कर खिताब अपने नाम किया था।
















