नई दिल्ली, दिल्ली के फिरोजशाह कोटला मैदान में खेले जा रहे भारत बनाम वेस्टइंडीज टेस्ट मैच में टीम इंडिया ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 378 रनों की बढ़त हासिल कर ली है। भारतीय बल्लेबाजों ने पहले दो दिन में जिस तरह का संयम और आक्रामकता दिखाई, उसने कैरेबियाई गेंदबाजों को पूरी तरह बैकफुट पर धकेल दिया।
टीम इंडिया ने दिल्ली टेस्ट के दूसरे ही दिन वेस्टइंडीज पर मजबूत पकड़ बना ली है। टीम 378 रन से आगे है। भारत ने टी-ब्रेक से पहले 5 विकेट पर 518 रन बनाकर पहली पारी घोषित की। फिर दिन का खेल खत्म होते-होते कैरेबियाई टीम के 4 बैटर्स को पवेलियन भी भेज दिया।
शनिवार को स्टंप्स तक विंडीज का स्कोर 140/4 है। शाई होप 31 और टेविन इमलाक 14 रन पर नाबाद लौटे हैं। भारतीय स्पिनर रवींद्र जडेजा ने कप्तान रोस्टन चेज (शून्य), तेगनारायण चंद्रपॉल (34 रन) और जॉन कैम्पबेल (10 रन) को आउट किया। जबकि कुलदीप यादव ने एलिक एथनाज (41 रन) को पवेलियन भेजा।
भारत ने 318/4 के स्कोर से पारी को आगे बढ़ाया। दिन के दूसरे ओवर में यशस्वी जायसवाल खुद के गलत कॉल के कारण रनआउट हो गए। वे 175 रन ही बना सके। कप्तान शुभमन गिल 129 रन पर नाबाद लौटे। उन्होंने करियर की 10वीं सेंचुरी जमाई। साई सुदर्शन ने 87, ध्रुव जुरेल ने 44 और नीतीश कुमार रेड्डी ने 43 रन बनाए। वेस्टइंडीज के लिए जोमेल वारिकन ने तीन विकेट लिए। एक विकेट कप्तान रोस्टन चेज को मिला।
दोनों टीमों की प्लेइंग-11
भारत: केएल राहुल, यशस्वी जायसवाल, साई सुदर्शन, शुभमन गिल (कप्तान), ध्रुव जुरेल (विकेटकीपर), रवींद्र जडेजा, वॉशिंगटन सुंदर, नीतीश कुमार रेड्डी, कुलदीप यादव, जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद सिराज।
वेस्टइंडीज: तेगनारायण चंद्रपॉल, जोन कैम्पबेल, एलिक एथनाज, रोस्टन चेज (कप्तान), शाई होप, टेविन इमलाक (विकेटकीपर), जस्टिन ग्रीव्स, खैरी पीयर, जोमेल वारिकन, एंडरसन फिलिप, जैडन सील्स।

















