नई दिल्ली, एशिया कप की ट्रॉफी को लेकर चल रहे विवाद ने एशियाई क्रिकेट जगत में नई हलचल पैदा कर दी है। इसी मामले में स्पष्टता और समाधान लाते हुए अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) ने एक विशेष उच्च स्तरीय कमेटी के गठन का ऐलान किया है। यह कमेटी पूरे विवाद की जांच करेगी, सभी संबंधित क्रिकेट बोर्डों से बातचीत करेगी और अंतिम रिपोर्ट ICC को सौंपेगी।
ICC ने भारत और पाकिस्तान के बीच चल रहे एशिया कप ट्रॉफी विवाद को सुलझाने के लिए कमेटी गठित की है। दुबई में चल रही एनुअल जनरल मीटिंग में शुक्रवार को कहा- ‘दोनों देश आपस में फैसला करें।’
ICC बोर्ड के सदस्यों ने इस बात पर जोर दिया कि पाकिस्तान और भारत क्रिकेट जगत के लिए अहम हैं। उन्हें अपनी समस्याओं को सौहार्दपूर्ण ढंग से सुलझाना चाहिए। बोर्ड मध्यस्थता के लिए तैयार है।
भारतीय टीम ने 28 सितंबर को एशिया कप फाइनल में पाकिस्तान को हराकर ट्रॉफी अपने नाम की थी। जीत के बाद टीम ने PCB चीफ नकवी के हाथों एशिया कप ट्रॉफी लेने से इनकार कर दिया था। नकवी ACC के भी चीफ हैं और पाकिस्तान के गृह मंत्री भी हैं।
भारत ने यह स्टैंड पहलगाम आतंकी हमले के विरोध में लिया था। इसके बाद मोहसिन नकवी ट्रॉफी लेकर दुबई के होटल चले आए थे। पाकिस्तान जाने से पहले उन्होंने ये ट्रॉफी दुबई स्थित ACC ऑफिस में छोड़ दी थी।
एशिया कप का ट्रॉफी विवाद चाहे जितना शोर मचा रहा हो, लेकिन ICC का हस्तक्षेप यह संदेश देता है कि खेल की गरिमा सर्वोपरि है। जैसे ही कमेटी अपनी रिपोर्ट देगी, तस्वीर स्पष्ट होगी और भविष्य की प्रतियोगिताओं में किसी तरह का भ्रम या विवाद नहीं रहेगा।
















