नई दिल्ली, सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी (SMAT) 2025 में भारतीय घरेलू क्रिकेट ने एक नया इतिहास देखा, जब महज 14 साल की उम्र में वैभव ने तूफानी शतक लगाकर सबको चौंका दिया। उनकी यह उपलब्धि सिर्फ एक रिकॉर्ड नहीं, बल्कि भारत के उभरते क्रिकेट भविष्य की एक चमकदार झलक है।
सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में 14 साल के वैभव सूर्यवंशी ने नया इतिहास रच दिया। वे टूर्नामेंट में सबसे कम उम्र में शतक लगाने वाले बल्लेबाज बन गए। बिहार के वैभव ने अपना तीसरा टी-20 शतक जड़ा, जो इस उम्र में दुनिया के किसी भी खिलाड़ी का पहला ऐसा रिकॉर्ड है। महाराष्ट्र के खिलाफ उन्होंने 58 गेंदों में नाबाद 108 रन बनाए, जिसमें 7 चौके और 7 छक्के शामिल थे।
वहीं ऑलराउंडर हार्दिक पंड्या ने चोट से उबरकर जोरदार वापसी की। एशिया कप फाइनल के बाद पहली बार मैदान पर उतरे हार्दिक ने पंजाब के खिलाफ नाबाद 77 रन बनाकर बड़ौदा को जीत दिलाई। पंजाब की ओर से कप्तान अभिषेक शर्मा ने सिर्फ 18 गेंदों में 50 रन बनाए, लेकिन उनकी तेज पारी भी टीम को जीत नहीं दिला सकी। दूसरी ओर, पृथ्वी शॉ के 66 रन महाराष्ट्र की जीत के लिए काफी रहे।
इसके अलावा, कर्नाटक के देवदत्त पडिक्कल ने टी-20 में अपनी जबरदस्त फॉर्म जारी रखते हुए 46 गेंदों में नाबाद 102 रन बनाए। यह उनके करियर की चौथी टी-20 सेंचुरी है, जो तमिलनाडु के खिलाफ आई।
हार्दिक ने शिवालिक के साथ 101 रन जोड़े लेफ्ट क्वाड्रिसेप्स की चोट के बाद हार्दिक पंड्या ने शानदार वापसी की। पंजाब के खिलाफ 223 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए हार्दिक ने 42 गेंदों में नाबाद 77 रन बनाकर बड़ौदा को जीत दिला दी।
हार्दिक ने शिवालिक शर्मा (47)* के साथ तीसरे विकेट के लिए 101 रन की अहम साझेदारी की। शिवालिक को टैक्टिकली रिटायर आउट किया गया ताकि जितेश शर्मा तेजी से रन बना सकें। बड़ौदा को आखिरी 15 गेंदों में 30 रन चाहिए थे और टीम ने सिर्फ 9 गेंदों में मैच खत्म कर दिया।
हालांकि गेंदबाजी में हार्दिक प्रभावी नहीं रहे। उन्होंने 4 ओवर में 52 रन देकर 1 विकेट लिया। पंजाब की ओर से कप्तान अभिषेक शर्मा ने उन पर आक्रामक बल्लेबाजी की और सिर्फ 18 गेंदों में 50 रन बनाकर आउट हुए।
अनमोलप्रीत सिंह (69) और नमन धीर (39) ने पंजाब के लिए बड़ा स्कोर खड़ा किया, लेकिन अंत में बड़ौदा ने मैच 7 विकेट से जीत लिया। ग्रुप C में दोनों टीमों की अब दो-दो जीत हैं, जबकि गुजरात चार में से तीन मैच जीतकर शीर्ष पर है।














