नई दिल्ली, पूर्व भारतीय क्रिकेटर हरभजन सिंह ने भारतीय क्रिकेट टीम से अपील की है कि वह एशिया कप में पाकिस्तान के खिलाफ न खेलें। हाल ही में हुए वर्ल्ड चैंपियनशिप ऑफ लीजेंड्स में भी हरभजन, कप्तान युवराज सिंह और शिखर धवन जैसे खिलाड़ियों ने पाकिस्तान चैंपियंस टीम के खिलाफ खेलने से इनकार किया था।
एशिया कप UAE में हो रहा है। टूर्नामेंट की शुरुआत 9 सितंबर से होगी। भारत-पाकिस्तान का मैच लीग स्टेज में 14 सितंबर को खेला जाएगा। इसके बाद सुपर-4 में एक बार फिर दोनों टीमें भिड़ेंगी। अगर भारत और पाकिस्तान दोनों फाइनल में पहुंचते हैं तो तीसरी बार दोनों के बीच मुकाबला होगा।
सरहद पर हमारे भाई खड़े हैं- हरभजन हरभजन ने कहा हमारी सरकार का भी यही रुख है। जब बॉर्डर पर तनाव है और दोनों देशों के रिश्ते खराब हैं, तब क्रिकेट खेलना ठीक नहीं है। जब तक ये बड़े मुद्दे हल नहीं होते, क्रिकेट बहुत छोटी चीज है। देश हमेशा पहले आता है।
हरभजन ने यह भी कहा, हमारे सरहद पर भाई खड़े हैं, जो हमें और देश को सुरक्षित रख रहे हैं। उनका साहस देखिए, कितने बड़े दिल से वे डटे रहते हैं। सोचिए, उनके परिवार पर क्या बीतती है जब वे वापस नहीं आते और हम यहां क्रिकेट खेलने चले जाते हैं।
वर्ल्ड चैंपियनशिप ऑफ लीजेंड्स में भारत ने खेलने से मना किया वर्ल्ड चैंपियनशिप ऑफ लीजेंड्स (WCL) में इंडिया चैंपियंस ने ग्रुप स्टेज और सेमीफाइनल में पाकिस्तान चैंपियंस के खिलाफ खेलने से इनकार कर दिया था। टीम ने यह फैसला पहलगाम आतंकी हमले के बाद लिया था।
भारत-पाकिस्तान ग्रुप-ए में एशिया कप में भारत ग्रुप-ए में ओमान, मेजबान UAE और पाकिस्तान के साथ रखा गया है, जबकि ग्रुप-बी में अफगानिस्तान, बांग्लादेश, हांगकांग और श्रीलंका हैं।
















