नई दिल्ली । भारतीय टेस्ट टीम के उप कप्तान ऋषभ पंत ने कहा कि शुभमन गिल इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज में नंबर-4 पर बल्लेबाजी करेंगे। जबकि वे खुद नंबर-5 पर खेलेंगे।
27 साल के पंत ने बुधवार को हेंडिग्ले टेस्ट से पहले कहा- ‘मुझे लगता है कि अब भी इस बात पर चर्चा चल रही है कि नंबर-3 पर कौन खेलेगा, लेकिन चौथे और पांचवें नंबर पर फैसला हो चुका है। मुझे लगता है कि शुभमन चौथे नंबर पर बल्लेबाजी करेंगे और मैं 5वें नंबर पर ही खेलूंगा और बाकी हम इस पर चर्चा करते रहेंगे।’
12 मई को विराट कोहली के रिटायरमेंट के बाद भारतीय टीम में नंबर-4 की बैटिंग पोजिशन खाली थी। इस पर कई दावेदार सामने आ रहे थे। बता दें कि टेस्ट क्रिकेट में नंबर-4 की पोजिशन सबसे अहम है। पहला टेस्ट 20 जून से खेला जाएगा।
गिल के साथ मेरे संबंध बहुत अच्छे पंत ने गिल के साथ अपने संबंध के सवाल पर कहा- ‘मैदान के बाहर मेरा और शुभमन का रिश्ता बहुत अच्छा है। अगर आप मैदान के बाहर अच्छे दोस्त हैं तो यह रिश्ता आखिरकार मैदान पर भी कायम रहता है। इस बात पर मेरा हमेशा विश्वास रहा है।’
एंडरसन-ब्रॉड का जाना राहत की बात इंग्लिश टीम जेम्स एंडरसन और स्टुअर्ट ब्रॉड के बिना खेल रही है। इस पर पंत ने कहा- इंग्लैंड की टीम में इस जोड़ी को नहीं देखकर राहत मिली, लेकिन वे मौजूदा गेंदबाजी आक्रमण को कमतर आंकने के लिए तैयार नहीं हैं।
ऋषभ ने कहा- ‘यह बहुत अच्छा लगता है, जब दोनों (एंडरसन और ब्रॉड) टीम में नहीं होते हैं। हम किसी को भी हल्के में नहीं लेना चाहते। हमारी टीम भी युवा है। वे अब भी खुद को विकसित करने की कोशिश कर रहे हैं। लेकिन हमें भी अपनी क्रिकेट खेलनी होगी।’
















