नई दिल्ली – देश की बेटियां अब केवल मैदान पर नहीं, बल्कि हर क्षेत्र में अपनी पहचान बना रही हैं। इन्हीं प्रेरक कहानियों को दुनिया के सामने लाने का जिम्मा उठाया है नए शो ‘चैंपियन स्टोरी’ ने। यह शो उन महिलाओं की गाथाएं बताएगा जिन्होंने कठिन परिस्थितियों को पार कर असंभव को संभव बना दिया। खेल, शिक्षा, विज्ञान, सेना या कला — हर क्षेत्र की वो बेटियां जो भारत का गौरव बनीं, अब अपनी यात्रा खुद अपने शब्दों में सुनाएंगी।
इंडियन स्पोर्ट्स में महिला खिलाड़ियों की मजबूत आवाज बनी अवंतिका मित्तल ने ‘चैंपियन स्टोरीज’ नाम से एक डिजिटल पहल की शुरुआत की है।
इसका मकसद उन भारतीय खिलाड़ियों की कहानियां सामने लाना है, जो विश्व स्तर पर मेडल जीत चुकी हैं, लेकिन अभी भी देश में पहचान और सम्मान से बहुत दूर हैं।
चैंपियन स्टोरीज की शुरुआत भारतीय टीम की चैंपियन बेटियों से होगी। अवंतिका ने 8 खिलाड़ियों पर 7 से 8 मिनट की शॉर्ट फिल्में बनाई हैं, जो 14 नवंबर को दिल्ली में आयोजित वर्ल्ड बॉक्सिंग चैंपियनशिप के मौके पर रिलीज होंगी।
कौन हैं अवंतिका मित्तल अवंतिका कई सालों से बॉक्सिंग की दुनिया से जुड़ी हुई हैं। वे भारतीय टीम के साथ कई टूर पर गईं, खिलाड़ियों से मिलीं और बिना किसी फीस के उनके साथ काम किया। उन्हें खिलाड़ियों की हिम्मत और संघर्ष ने यह फिल्में बनाने की प्रेरणा दी।
अवंतिका फिल्मी दुनिया से आती हैं। उन्होंने निर्देशक संतोष सिवन के साथ फिल्म अशोका में काम किया है। उमराव जान, दोस्ताना, सलाम-ए-इश्क जैसी फिल्मों में स्टिल फोटोग्राफर रही हैं। आगे चलकर वे भारत की जानी-मानी वेडिंग और पोर्ट्रेट फोटोग्राफर बनीं। अब वह अपने हुनर का इस्तेमाल सिर्फ एक मकसद के लिए कर रही हैं।
‘चैंपियन स्टोरी’ एक ऐसा मंच बनने जा रहा है जहां भारत की बेटियों की आवाज़ बुलंद होगी। यह शो साबित करेगा कि भारत की हर बेटी में एक चैंपियन छिपी है, बस जरूरत है उसकी कहानी को पहचानने और बताने की।
















