yuzvendra chahal 2025 08 01 09 42 53
yuzvendra chahal 2025 08 01 09 42 53

नई दिल्ली । भारतीय क्रिकेटर युजवेंद्र चहल ने हाल ही में राज शमानी के पॉडकास्ट में अपनी पूर्व पत्नी, कोरियोग्राफर और इन्फ्लुएंसर धनश्री वर्मा से तलाक के बाद के मानसिक तनाव का खुलासा किया।

उन्होंने बताया कि तलाक की प्रक्रिया के दौरान वह एक महीने तक केवल दो घंटे ही सो पाए और उनके मन में आत्महत्या के विचार आए। चहल ने कहा, ‘मैंने अपने दोस्तों से यह बात साझा की। मुझे क्रिकेट से ब्रेक चाहिए था। मैदान पर भी मेरा दिमाग काम नहीं कर रहा था।’

चहल और धनश्री के तलाक को 20 मार्च 2025 को मुंबई की फैमिली कोर्ट ने मंजूरी दी थी। दोनों ने 11 दिसंबर 2020 को शादी की थी।

सोशल मीडिया पर साथ रहने का करते थे दिखावा चहल ने बताया कि उनका तलाक अचानक नहीं हुआ, बल्कि यह एक लंबी और निजी प्रक्रिया थी। उन्होंने सोशल मीडिया पर अपनी परेशानियों को छिपाकर सामान्य जोड़े की तरह दिखने की कोशिश की। चहल ने कहा, ‘हमने फैसला किया था कि जब तक अंतिम निर्णय नहीं हो जाता, हम कुछ नहीं कहेंगे। सोशल मीडिया पर हम सामान्य जोड़े की तरह दिखते थे, लेकिन मैं दिखावा कर रहा था।’

महत्वाकांक्षी जिंदगियों में तालमेल की कमी चहल ने बताया कि उनकी और धनश्री की महत्वाकांक्षी जिंदगियों के कारण उनके बीच तालमेल नहीं बैठ पाया। उन्होंने कहा, ‘रिश्ते में समझौता जरूरी है। अगर एक गुस्से में हो, तो दूसरे को सुनना पड़ता है। दो महत्वाकांक्षी लोग साथ रह सकते हैं, लेकिन सबके अपने लक्ष्य और जिंदगी होती है।’

अफवाहों पर चहल का जवाब तलाक के दौरान चहल के खिलाफ धोखेबाजी की अफवाहें फैलीं। उन्होंने दुख जताते हुए कहा, ‘लोगों ने मुझे धोखेबाज कहा, लेकिन मैंने कभी धोखा नहीं दिया। मैं बहुत वफादार इंसान हूं। सिर्फ किसी के साथ दिखने से लोग अफवाह फैलाते हैं। मेरी दो बहनें हैं, मुझे महिलाओं का सम्मान करना आता है।’

वायरल टी-शर्ट का राज चहल ने अपनी टी-शर्ट पर लिखे “Be Your Own Sugar Daddy” के बारे में भी बताया। जिसका मतलब ‘आर्थिक रूप से इंडिपेंडेंट होना’ और ‘अपना ख्याल खुद रखना’। उन्होंने कहा कि यह टी-शर्ट उन्होंने कोर्ट में एक खास संदेश देने के लिए पहनी थी, क्योंकि “दूसरी तरफ से कुछ हुआ था।”