gettyimages 2223810882 594x594
gettyimages 2223810882 594x594

नई दिल्ली, भारत और इंग्लैंड के बीच एंडरसन-तेंदुलकर ट्रॉफी का तीसरा टेस्ट लंदन के लॉर्ड्स स्टेडियम में खेला जा रहा है। मुकाबले के दूसरे दिन इंग्लैंड ने 387 रन बनाए। भारत ने दिन का खेल खत्म होने तक 3 विकेट खोकर 145 रन बना लिए। टीम 242 रन पीछे है।

शुभमन गिल इंग्लैंड में एक टेस्ट सीरीज में 600 रन बनाने वाले दूसरे भारतीय बन गए। जो रूट टेस्ट में सबसे ज्यादा कैच लेने वाले प्लेयर बने। वहीं जसप्रीत बुमराह देश से बाहर टेस्ट में सबसे ज्यादा 5 विकेट लेने वाले भारतीय गेंदबाज बन गए।

बुमराह के 450 विकेट पूरे जसप्रीत बुमराह ने पहली पारी में बेन स्टोक्स का विकेट लेने के साथ ही इंटरनेशनल क्रिकेट में अपने 450 विकेट पूरे कर लिए। बुमराह के नाम टेस्ट में 215, वनडे में 149 और टी-20 में 89 विकेट हैं।

बुमराह ने पहली पारी में 5 विकेट भी लिए। टेस्ट में उन्होंने 15वीं बार 5-विकेट लिए। यह घर से बाहर उनका 13वीं बार 5-विकेट हॉल रहा। बुमराह घर से बाहर सबसे ज्यादा 5-विकेट लेने वाले भारतीय बने। उन्होंने कपिल देव का रिकॉर्ड तोड़ा, जिनके नाम 12 बार 5-विकेट लेने का रिकॉर्ड था।

रूट ने भारत के खिलाफ 11वां टेस्ट शतक लगाया इंग्लैंड के सबसे सफल बैटर जो रूट ने शतक लगा दिया। यह टेस्ट में उनका 37वां शतक रहा, इस मामले में उन्होंने ऑस्ट्रेलिया के स्टीव स्मिथ को पीछे छोड़ा। जिनके नाम 36 टेस्ट शतक हैं। रूट ने भारत के खिलाफ सबसे ज्यादा टेस्ट सेंचुरी लगाने के मामले में स्मिथ की बराबरी भी कर ली। दोनों के नाम 11-11 टेस्ट शतक हैं।

बुमराह ने रूट को 15वीं बार आउट किया जो रूट को जसप्रीत बुमराह ने बोल्ड किया। इसी के साथ बुमराह इंटरनेशनल क्रिकेट में रूट को सबसे ज्यादा बार आउट करने वाले गेंदबाज बन गए। उन्होंने 15वीं बार रूट को पवेलियन भेजा। बुमराह ने ऑस्ट्रेलिया के कप्तान पैट कमिंस का रिकॉर्ड तोड़ा, जिन्होंने रूट को 14 बार पवेलियन भेजा है।