नई दिल्ली, ICC का बैन पूरा होने के बाद जिम्बाब्वे के पूर्व कप्तान ब्रेंडन टेलर ने इंटरनेशनल क्रिकेट में वापसी कर ली है। वे शुक्रवार को न्यूजीलैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज का दूसरा मुकाबला खेलने उतरे। टेलर को 30 जुलाई को टीम में शामिल किया गया था।
39 साल के टेलर पर इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) ने एंटी करप्शन और एंटी डोपिंग नियम तोड़ने के लिए साढ़े तीन साल का प्रतिबंध लगाया गया था। टेलर पर प्रतिबंध के 2 कारण…
- टेलर को जनवरी 2022 में एक भारतीय व्यवसायी ने 2019 में स्पॉट फिक्सिंग के लिए संपर्क किया था, लेकिन उन्होंने इसकी सूचना एंटी करप्शन यूनिट को नहीं दी।
- टेलर को उस समय कोकीन के सेवन से जुड़ी डोप जांच में विफल होने के कारण भी एक महीने के लिए निलंबित किया गया था। उन पर 2019 में 15,000 अमेरिकी डॉलर लेने की बात स्वीकार करने के आरोप थे।
प्रतिबंध लगने से पहले टेलर लाल गेंद के क्रिकेट में शानदार फॉर्म में थे। उन्होंने अपनी पिछली तीन टेस्ट पारियों में क्रमशः 92, 81 और 49 रन बनाए थे।
न्यूजीलैंड से 3 प्लेयर्स ने डेब्यू किया बुलवायो में चल रहे इस मुकाबले में न्यूजीलैंड की ओर से 3 खिलाड़ियों ने टेस्ट डेब्यू किया है, इनमें जैकब डफी, मैट फिशर और जैक फैल्कस शामिल हैं। डफी 289, फिशर 290 और फैल्कस को 291 नंबर की टेस्ट कैप मिली।
जिम्बाब्वे ने टॉस जीतकर बल्लेबाजी चुनी टेस्ट सीरीज के दूसरे मुकाबले में जिम्बाब्वे ने टॉस जीता और पहले बल्लेबाजी करने का फैसला लिया। फिलहाल, टीम 2 मैचों की सीरीज में 0-1 से पिछड़ रही है। न्यूजीलैंड ने पहला मुकाबला 9 विकेट से जीता था।
जिम्बाब्वे 50 ओवर भी बैटिंग नहीं कर सका जिम्बाब्वे की शुरुआत बेहद खराब रही। ब्रायन बेनेट खाता भी नहीं खोल सके। ब्रैंडन टेलर एक एंड पर टिक गए, लेकिन उनके सामने निक वेल्श 11, कप्तान क्रैग इरविन 7, सिकंदर रजा 5 और शॉन विलियम्स 11 रन बनाकर आउट हो गए। टेलर भी फिर 44 रन बनाकर आउट हो गए।
ट्रेवर ग्वांडू खाता भी नहीं खोल सके। विकेटकीपर तफद्ज्वा सिगा ने फिर टीम को 100 रन के पार पहुंचाया, लेकिन उनके सामने विंसेंट मसेकेसा 1, ब्लेसिंग मुजरबानी 3 और तनाका चिवांगा 4 रन बनाकर आउट हो गए। टीम 49वें ओवर में 125 रन पर सिमट गई। न्यूजीलैंड से मैट हेनरी ने 5 और जैकरी फोल्क्स ने 4 विकेट लिए। मैथ्यू फिशर को 1 विकेट मिला।
















