नई दिल्ली, भारत और पाकिस्तान के बीच खेले गए हालिया मुकाबले के बाद हुआ हैंडशेक विवाद अब अंतरराष्ट्रीय सुर्खियों में है। इस विवाद पर कुछ ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेटरों द्वारा की गई टिप्पणी और मजाकिया प्रतिक्रिया ने सोशल मीडिया पर बहस को और भड़का दिया है।
ऑस्ट्रेलियन क्रिकेटर्स ने भारत और पाकिस्तान के हैंडशेक विवाद का मजाक उड़ाया है। एक वीडियो में ऑस्ट्रेलिया के कप्तान मिचेल मार्श, ग्लेन मैक्सवेल, जोश हेजलवुड और एलिसा हीली जैसे बड़े खिलाड़ी हैंडशेक के नाम पर आपत्तिजनक इशारे कर रहे हैं।
यह वीडियो ऑस्ट्रेलिया के स्पोर्ट्स चैनल केयो स्पोर्ट्स ने X पर पोस्ट किया। हालांकि, विवाद होने पर उसे डिलीट भी कर दिया गया। केयो स्पोर्ट्स के वीडियो पर भारतीय फैंस भड़क गए हैं। एक ने इसे असंवेदनशील मजाक बताया। भारत-ऑस्ट्रेलिया वनडे सीरीज 19 अक्टूबर से शुरू हो रही है।
वीडियो की शुरुआत में एंकर कह रहा है- ‘हम सब जानते हैं कि भारतीय टीम आ रही है। वह एक शानदार टीम है, लेकिन हमने उसकी बड़ी कमजोरी खोज ली है।’ फिर दूसरा एंकर कहता है, ‘हमें पता है कि उन्हें ट्रेडिशनल ग्रीटिंग (हैंडशेक) ज्यादा पसंद नहीं है, तो क्यों न मैच शुरू होने से पहले ही उन्हें कंफ्यूज कर दिया जाए।’
इसके बाद ऑस्ट्रेलियान कप्तान मिचेल मार्श, ग्लेन मैक्सवेल, जोश हेजलवुड और विमेंस प्लेयर एलिसा हीली, ग्रेस हैरिस और एलाना किंग को दिखाया गया है। ये सभी चर्चा कर रहे हैं कि भारतीय खिलाड़ियों का अभिवादन किस अंदाज में किया जा सकता है। कोई हाई-फाइव दिखा रहा है, तो कोई अपने मशल्स शो कर रहा है। कुछ खिलाड़ियों ने आपत्तिजनक इशारे भी किए और इस पर सब हंसते दिखाई पड़े।
क्या है हैंडशेक विवाद भारतीय क्रिकेट टीम ने एशिया कप में पाकिस्तानी खिलाड़ियों के साथ हाथ नहीं मिलाया था। इसके बाद भारतीय महिला टीम ने विमेंस वर्ल्ड कप में भी यही स्टैंड कायम रखा। भारत ने यह स्टैंड पहलगाम आतंकी हमले के विरोध में लिया था।

















