नई दिल्ली । भारतीय ऑलराउंडर नीतीश कुमार रेड्डी एंडरसन-तेंदुलकर ट्रॉफी से बाहर हो गए हैं। रविवार को प्रैक्टिस सेशन के समय नीतीश को घुटने में चोट लगी थी।
सोमवार को BCCI ने मीडिया रिलीज में बताया कि नीतीश कुमार रेड्डी पूरी टेस्ट सीरीज से और लेफ्ट आर्म पेसर अर्शदीप सिंह मैनचेस्टर (चौथे) टेस्ट से बाहर हो गए हैं।
अर्शदीप सिंह को बेकेनहम में नेट प्रैक्टिस के दौरान बाएं हाथ के अंगूठे में चोट लगी थी। BCCI की मेडिकल टीम उनकी हालत पर नजर रखे हुए है।
बैकअप के तौर पर अंशुल कंबोज को टीम में शामिल किया गया है। वे मैनचेस्टर में टीम के साथ जुड़ चुके हैं। भारतीय टीम सीरीज में 1-2 से पीछे है। चौथा टेस्ट 23 जुलाई से शुरू होगा।
इससे पहले खबर आई थी कि तेज गेंदबाज आकाश दीप भी चोट के कारण चौथे टेस्ट में नहीं खेल पाएंगे। चौथा टेस्ट 23 से 27 जुलाई तक मैनचेस्टर के ओल्ड ट्रैफर्ड मैदान पर खेला जाएगा।
राहुल पूरी तरह फिट, शार्दूल को मौका संभव
रविवार को भारतीय टीम मैनचेस्टर यूनाइटेड फुटबॉल क्लब के खिलाड़ियों से मिलने ओल्ड ट्रैफर्ड गई थी, लेकिन नीतीश रेड्डी और केएल राहुल इस ट्रिप में शामिल नहीं हुए। हालांकि, केएल राहुल पूरी तरह फिट हैं और उनकी फिटनेस को लेकर कोई चिंता नहीं है।
अब टीम मैनेजमेंट को शार्दुल ठाकुर पर भरोसा जताना पड़ सकता है, जिन्होंने पहले टेस्ट में नीतीश की जगह खेला था। नीतीश ने बाद में दूसरे और तीसरे टेस्ट में अपनी जगह बनाई थी।
















