नई दिल्ली : भारत के ऐश्वर्य प्रताप सिंह तोमर ने रविवार (24 अगस्त 2025) को कजाकिस्तान के शिमकेंट में चल रहे 16वें एशियाई निशानेबाजी चैंपियनशिप (राइफल/पिस्टल/शॉटगन) में पुरुषों की 50 मीटर राइफल 3 पोजीशन (3P) इंडिविजुअल में गोल्ड मेडल जीता।
उन्होंने फाइनल में 462.5 का स्कोर बनाया। इसके अलावा, भारत के अद्रियान कर्मकार ने जूनियर पुरुष 3P में 463.8 के स्कोर के साथ गोल्ड मेडल और एशियाई जूनियर रिकॉर्ड बनाया। वहीं वेदांत ने ब्रॉन्ज मेडल जीता।
ऐश्वर्य का फाइनल में शुरू से रहा दबदबा ऐश्वर्य ने फाइनल में शुरू से ही बढ़त बना ली। पहले पांच शॉट्स (नीलिंग पोजीशन) के बाद वे आगे निकल गए और फिर लगातार अपनी बढ़त को मजबूत करते रहे। 13वें शॉट के बाद झाओ और ऐश्वर्य के बीच केवल 0.3 अंकों का अंतर था, लेकिन ऐश्वर्य ने 14वें शॉट में 10.8 का स्कोर बनाकर फिर से एक अंक से ज्यादा की बढ़त हासिल की, जो अंत तक बनी रही।
उन्होंने 0.5 अंकों के अंतर से गोल्ड मेडल जीता। जापान के नाओया ओकाडा (448.8) ने ब्रॉन्ज मेडल जीता, जबकि चैन सिंह (435.7) और अखिल श्योरान (424.9) क्रमशः चौथे और पांचवें स्थान पर रहे।















