नई दिल्ली, कॉमनवेल्थ स्पोर्ट्स की कार्यकारी बोर्ड ने अहमदाबाद को 2030 कॉमनवेल्थ गेम्स (CWG) की मेजबानी के लिए नॉमिनेट किया है। 26 नवंबर को ग्लासगो में होने वाली राष्ट्रमंडल खेल की बैठक में इस पर अंतिम फैसला लिया जाएगा।
भारत को मेजबानी के लिए नाइजीरिया के अबुजा शहर से चुनौती मिल रही थी। लेकिन कॉमनवेल्थ एग्जीक्यूटिव बोर्ड नाइजीरिया को 2034 के राष्ट्रमंडल खेलों की मेजबानी के लिए सहयोग देगी।
कॉमनवेल्थ गेम्स स्पोर्ट्स ने अपने प्रेस रिलीज में कहा, राष्ट्रमंडल खेलों की कार्यकारी बोर्ड ने 2030 कॉमनवेल्थ गेम्स के लिए अहमदाबाद, भारत को मेजबान शहर के रूप में सिफारिश करने का फैसला लिया है।
भारत ने अब तक एक बार 2010 में नई दिल्ली में राष्ट्रमंडल खेलों की मेजबानी की है।
2030 में सभी गेम्स शामिल होंगे- IOA इंडियन ओलिंपिक एसोसिएशन (IOA) ने कहा, ग्लासगो 2026 कॉमनवेल्थ से हटाए गए सभी गेम्स 2030 में शामिल होंगे। इसमें शूटिंग, रेसलिंग, बैडमिंटन, हॉकी, आर्चरी, कबड्डी और खो-खो शामिल किए जाएंगे।
भारत के लिए गर्व का दिन- अमित शाह गृह मंत्री अमित शाह ने कॉमनवेल्थ गेम्स की मेजबानी पर लिखा, भारत के लिए यह बहुत गर्व और खुशी का दिन है। कॉमनवेल्थ एसोसिएशन द्वारा अहमदाबाद में कॉमनवेल्थ गेम्स 2030 की मेजबानी का अधिकार भारत को देने पर देश के सभी नागरिकों को हार्दिक बधाई।
















