नई दिल्ली, भारतीय क्रिकेट टीम के उभरते सितारे अभिषेक शर्मा ने अपने शानदार प्रदर्शन के दम पर ICC प्लेयर ऑफ द मंथ (माह के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी) का खिताब जीत लिया है। इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) द्वारा घोषित परिणामों में अभिषेक ने कई दिग्गजों को पछाड़ते हुए यह सम्मान अपने नाम किया।
भारत के लेफ्ट हैंड बैटर अभिषेक शर्मा को ICC ने सितंबर का ICC प्लेयर ऑफ द मंथ का अवॉर्ड दिया है। पिछले महीने टी-20 एशिया कप में उन्होंने ओपनिंग करते हुए भारत को 7 में से 6 मुकाबलों में तेज और मजबूत शुरुआत दिलाई थीं। 314 रन बनाने के लिए उन्हें प्लेयर ऑफ द सीरीज का अवॉर्ड भी मिला था।
कुलदीप और ब्रायन बेनेट को पीछे छोड़ा अभिषेक शर्मा ने ICC के मंथली अवॉर्ड की रेस में भारत के ही चाइनामैन स्पिनर कुलदीप यादव और जिम्बाब्वे के ओपनिंग बैटर ब्रायन बेनेट को पीछे छोड़ा। कुलदीप ने भी एशिया कप में ही 17 विकेट अपने नाम किए थे। वहीं बेनेट ने टी-20 वर्ल्ड कप क्वालिफायर में शतक लगाया था।
अभिषेक बोले- अवॉर्ड पाकर खुश हूं अवॉर्ड जीतने के बाद अभिषेक ने ICC से कहा, ‘अवॉर्ड जीतकर अच्छा लग रहा है। खुश हूं कि अहम मुकाबलों में परफॉर्मेंस के बाद यह अवॉर्ड मिला। मैं उस टीम का हिस्सा बनकर खुश हूं, जो किसी भी सिचुएशन में जीतने का दम रखती है। टी-20 में बेहतरीन रिकॉर्ड टीम के पॉजिटिव माइंडसेट को दर्शाता है। मैं टीम मैनेजमेंट को धन्यवाद देता हूं।’
एशिया कप में पाकिस्तान के खिलाफ फिफ्टी लगाई एशिया कप 2025 में चैंपियन टीम इंडिया ने 7 मैच खेले। 6 मुकाबलों में अभिषेक शर्मा ने 30 से ज्यादा रन बनाए। 3 बार उन्होंने फिफ्टी भी लगाईं। इनमें पाकिस्तान के खिलाफ सुपर-4 स्टेज के मैच में 74 और बांग्लादेश के खिलाफ 75 रन की पारी भी शामिल रहीं। टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा रन बनाने के साथ उन्होंने सबसे ज्यादा बाउंड्री भी लगाईं। उनका स्ट्राइक रेट 200 का रहा।
टी-20 में 2 शतक टी-20 इंटरनेशनल में अभिषेक के नाम 196.07 के स्ट्राइक रेट से 849 रन हैं। वे 24 ही मुकाबलों में 5 फिफ्टी और 2 शतक लगा चुके हैं। उन्होंने 2024 में जिम्बाब्वे के खिलाफ डेब्यू किया था। वे IPL में 2016 की चैंपियन सनराइजर्स हैदराबाद के लिए ऑस्ट्रेलिया के ट्रैविस हेड के साथ ओपनिंग करते हैं।

















