नई दिल्ली, भारत के विराट कोहली को पीछे कर ऑस्ट्रेलिया के डेविड वॉर्नर टी-20 क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाजों में नंबर-5 पर पहुंच गए। उन्होंने मंगलवार को इंग्लैंड की द हंड्रेड लीग में फिफ्टी लगाई और कोहली को पीछे किया।
वॉर्नर के नंबर-5 पर पहुंचने के साथ टॉप-5 रन स्कोरर में अब कोई भी भारतीय बाकी नहीं रहा। विराट के अलावा केवल रोहित शर्मा ही टॉप-10 रन स्कोरर में शामिल भारतीय बैटर हैं। दोनों ही प्लेयर्स ने टी-20 फॉर्मेट से संन्यास ले लिया है, ऐसे में सिर्फ IPL खेलकर दोनों का इस रिकॉर्ड लिस्ट में आगे निकलना बहुत मुश्किल लग रहा है।
वेस्टइंडीज के विस्फोटक क्रिस गेल के नाम अब भी टी-20 क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड है। इनमें इंटरनेशनल, IPL और दुनियाभर की ए-ग्रेड लीग के रन शामिल हैं। गेल टी-20 में 22 शतक लगाने वाले भी दुनिया के इकलौते बैटर हैं। उन्होंने अब टॉप लेवल टी-20 क्रिकेट खेलना बंद कर दिया है। इसलिए उनके 14,562 रन के आंकड़े को कोई नया बैटर तोड़ सकता है। हालांकि, उनके 22 सेंचुरी के आंकड़े को तोड़ना बहुत मुश्किल है।
वेस्टइंडीज के ही विस्फोटक फिनिशर कायरन पोलार्ड टॉप रन स्कोरर में दूसरे नंबर पर हैं। उन्होंने इंटरनेशनल और IPL से तो संन्यास ले लिया है, लेकिन वे अब भी अमेरिका और साउथ अफ्रीका की लीग खेल रहे हैं। इसलिए वे भी गेल के रिकॉर्ड तोड़ सकते हैं। फिनिशर की पोजिशन निभाने के कारण पोलार्ड के नाम शतक तो 1 ही है, लेकिन फिफ्टी 63 हैं। इतना ही नहीं, टॉप-5 रन स्कोरर में उनका स्ट्राइक रेट भी बेस्ट है।
इंग्लैंड के एलेक्स हेल्स भी इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास ले चुके हैं, लेकिन लीग क्रिकेट खेल रहे हैं। वे 13,814 रन बना चुके हैं और जल्द ही 15 हजार रन का आंकड़ा भी पार कर सकते हैं। वे फिलहाल इंग्लैंड के ही फ्रेंचाइजी टूर्नामेंट द हंड्रेड का हिस्सा हैं। उनके नाम 7 सेंचुरी और 87 फिफ्टी हैं।

















