नई दिल्ली । ओवल का मैदान, पांचवें टेस्ट के आखिरी दिन 27 हजार दर्शकों की क्षमता वाला स्टेडियम खचाखच भरा हुआ था। इंग्लैंड को जीत के लिए केवल 35 रन बनाने थे, जबकि भारत जीत से 4 विकेट दूर था।
दिन का पहला ओवर करने पहुंचे प्रसिद्ध कृष्णा की पहली दो गेंदों पर चौके लगे। अब इंग्लैंड जीत से महज 27 रन दूर था, लेकिन अगले दो ओवर में सिराज ने जैमी स्मिथ और जेमी ओवर्टन का विकेट लेकर इंग्लैंड को बैकफुट पर धकेल दिया।
इसके बाद प्रसिद्ध कृष्णा ने जोश टंग को बोल्ड कर दिया। इस वजह से चोटिल क्रिस वोक्स एक हाथ से बल्लेबाजी करने पहुंचे। इंग्लैंड की पारी फिर संभलती दिखाई दी, जब एटकिंसन ने सिराज की बॉल पर छक्का मार दिया, लेकिन सिराज ने अगले ओवर में उन्हें बोल्ड करके मैच भारत के नाम कर दिया।
मोहम्मद सिराज: आखिरी दिन 3 विकेट निकाले, मैच में 9 विकेट
आखिरी दिन इंग्लैंड को 35 रन बनाने थे और 4 विकेट बाकी थे। जैमी ओवर्टन ने प्रसिद्ध कृष्णा पर लगातार दो चौके लगाकर दबाव बनाया। ऐसे में भारतीय कप्तान गिल ने मोहम्मद सिराज को गेंद थमाई। उन्होंने अपने पहले ओवर में ही जैमी स्मिथ (2 रन) को विकेटकीपर ध्रुव जुरेल के हाथों कैच करा दिया।
इतना ही नहीं, अगले ओवर में जैमी ओवर्टन (9 रन) को पवेलियन भेजकर अंग्रेजों को दबाव में डाल दिया। फिर जब इंग्लैंड जीत से मात्र 7 रन दूर था, तब सिराज ने आखिरी उम्मीद गस एटकिंसन (17 रन) को यॉर्कर पर बोल्ड करके भारत को जीत दिला दी। उन्होंने ओवल टेस्ट में कुल 9 विकेट झटके। उन्हें पहली पारी में 4 और दूसरी पारी में 5 विकेट मिले।
सिराज को उस प्रदर्शन के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। वे इस सीरीज के सबसे कामयाब गेंदबाज रहे। उन्होंने कुल 23 विकेट झटके।
प्रसिद्ध कृष्णा: रूट को आउट करके इंग्लैंड को मुश्किल में डाला
जसप्रीत बुमराह के बाहर होने की वजह से प्रसिद्ध कृष्णा को इस मुकाबले में मौका मिला। उन्होंने दोनों पारियों में 4-4 विकेट लेकर अपने चयन को पूरी तरह जस्टिफाई भी किया। पहली पारी में उन्होंने ओपनर जैक क्रॉली, जेमी स्मिथ, जेमी ओवर्टन और गस एटकिंसन के विकेट लिए। वहीं, दूसरी पारी में प्रसिद्ध ने बेन डकेट, जो रूट, जैकब बेथेल और जोश टंक को पवेलियन की राह दिखाई।
दूसरी पारी में उन्होंने रूट का विकेट तब निकाला जब यह स्टार बल्लेबाज अकेले दम पर इंग्लैंड को जीत दिलाने में लगा था। चौथे दिन के खेल में उन्होंने रूट के बाद युवा बल्लेबाज जैकब बेथल का विकेट भी निकाला और यहां से इंग्लैंड की टीम दबाव में आ गई।
पांचवें दिन के खेल में चार में से तीन विकेट मोहम्मद सिराज ने निकाले तो प्रसिद्ध ने भी जोश टंग को आउट कर अहम कामयाबी हासिल की।














