नई दिल्ली । एशिया कप 2025 में भारत-पाकिस्तान मैच को लेकर पूर्व क्रिकेटर सौरव गांगुली ने कहा, खेल चलते रहना चाहिए। लेकिन पहलगाम जैसी घटनाएं नहीं होनी चाहिए।
टूर्नामेंट का आयोजन 9 से 28 सितंबर के बीच UAE में होने वाला है। भारत-पाकिस्तान के बीच राजनीतिक तनाव के कारण टूर्नामेंट शुरू होने से पहले ही काफी चर्चा में भी हैं।
इस बार भारत और पाकिस्तान को फिर से एक ही ग्रुप में रखा गया है। ऐसे में दोनों टीमों के बीच कई बार आमना-सामना हो सकता है।
आतंकवाद रुकना चाहिए- गांगुली
पूर्व भारतीय कप्तान सौरव गांगुली ने हाल ही में पहलगाम में हुए आतंकी हमले को लेकर अपनी राय दी। गांगुली का यह बयान ऐसे समय आया है जब भारत की पाकिस्तान के साथ खेलने को लेकर कई सवाल उठ रहे हैं।
दानिश कनेरिया की टिप्पणी से बढ़ा विवाद
इससे पहले पाकिस्तान के पूर्व खिलाड़ी दानिश कनेरिया ने भारत पर सवाल उठाया था कि जब भारत ने जुलाई में वर्ल्ड चैंपियनशिप ऑफ लीजेंड्स (WCL) में पाकिस्तान के खिलाफ मैच देशभक्ति के कारण नहीं खेला, तो अब एशिया कप में कैसे खेलेगा?
T20 फॉर्मेट में होगा टूर्नामेंट
इस बार एशिया कप T20 फॉर्मेट में खेला जाएगा। यह 2026 में भारत और श्रीलंका में होने वाले T-20 वर्ल्ड कप की तैयारी के तौर पर भी देखा जा रहा है।


















