नई दिल्ली । मैनचेस्टर टेस्ट ड्रॉ रहा। मैच होने के बाद इंग्लैंड के कप्तान बेन स्टोक्स ने पहले रवींद्र जडेजा से हाथ मिलाने से इनकार कर दिया और उन्हें अनदेखा किया। हालांकि, जडेजा के हाथ आगे करने पर स्टोक्स ने बिना मन के उनसे हाथ मिलाया, लेकिन नजरें नहीं मिलाईं।
दरअसल, स्टोक्स जडेजा से नाराज थे। मैच खत्म होने से पहले स्टोक्स ने भारतीय बल्लेबाजों से खेल समाप्त करने का अनुरोध किया था, लेकिन जडेजा और वॉशिंगटन सुंदर ने इससे इनकार कर दिया, क्योंकि दोनों अपने शतक के करीब थे।
टीम मैनेजमेंट चाहता था कि दोनों बल्लेबाज अपने शतक पूरे करें। इस मुद्दे पर स्टोक्स और जडेजा के बीच तीखी बहस हुई, जिसमें इंग्लैंड के हैरी ब्रूक और जैक क्रॉली भी शामिल हुए।
स्टोक्स ने आखिरी कुछ मिनटों में ब्रूक और जो रूट को गेंदबाजी के लिए उतारा। जडेजा और सुंदर के शतक पूरे करने के बाद भारतीय टीम ने इंग्लैंड और अंपायरों से चर्चा कर खेल समाप्त करने का फैसला किया।
मैच के बाद वीडियो वायरल मैच खत्म होने के बाद एक वीडियो सामने आया, जिसमें स्टोक्स ने पहले जडेजा से हाथ मिलाने से मना कर दिया। उन्होंने सुंदर और अपनी टीम के खिलाड़ियों से हाथ मिलाया, लेकिन जडेजा के पास आने पर पीठ फेर ली। जडेजा को यह बात नागवार गुजरी, और उन्होंने स्टोक्स को बुलाकर कुछ कहा, जिसके बाद स्टोक्स ने अनमने ढंग से हाथ मिलाया।
रवींद्र जडेजा और वॉशिंगटन सुंदर के बीच 203 रन की साझेदारी भारत के रवींद्र जडेजा और वॉशिंगटन सुंदर ने पांचवें विकेट के लिए नाबाद 203 रनों की साझेदारी की। भारत ने 87.4 ओवर में शुभमन गिल का विकेट गंवाया, जब स्कोर 222 रन था। जडेजा, जो पहली गेंद पर जो रूट द्वारा स्लिप में छोड़े गए कैच के बाद बल्लेबाजी करने आए, ने इस जीवनदान का पूरा फायदा उठाया।
उन्होंने सुंदर के साथ मिलकर भारत की पारी को संभाला। पांचवें दिन भारत ने दूसरे और तीसरे सत्र में कोई विकेट नहीं खोया।
दूसरे सत्र में जडेजा और सुंदर ने 99 रन जोड़े और भारत को बढ़त के करीब पहुंचाया। तीसरे सत्र में दोनों ने बढ़त हासिल कर ली और अपने-अपने शतक पूरे किए।

















