नई दिल्ली, मैनचेस्टर टेस्ट के तीसरे दिन शुक्रवार को जो रूट ने 5 रिकॉर्ड्स अपने नाम किए। वे टेस्ट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले दुनिया के दूसरे बल्लेबाज बने। उन्होंने ऑस्ट्रेलिया के रिकी पोंटिंग, साउथ अफ्रीका के जैक कैलिस और भारत के राहुल द्रविड़ को पीछे छोड़ा।
रूट ने 38वां शतक लगाया। वे भारत के खिलाफ सबसे ज्यादा शतक लगाने वाले बल्लेबाज भी बने। शुक्रवार को इंग्लिश टीम ने दिन का खेल खत्म होने तक 544/7 रन बना लिए हैं। भारत की पहली पारी के स्कोर 358 रन के आधार पर इंग्लैंड को 186 रन की बढ़त मिल गई हैं।
- इंग्लैंड में यह जो रूट का 23वां टेस्ट शतक है, जो घरेलू टेस्ट में किसी भी बल्लेबाज द्वारा सबसे ज्यादा शतकों की संयुक्त-सर्वाधिक संख्या है। इस रिकॉर्ड की बराबरी उन्होंने रिकी पोंटिंग, जैक्स कैलिस और महेला जयवर्धने के साथ की है।
- इंग्लैंड में बुमराह ने टेस्ट क्रिकेट में 50 विकेट पूरे किए। उनसे आगे सिर्फ ईशांत शर्मा हैं, जिनके नाम 51 विकेट हैं।
- इंडिया ने घर से बाहर पिछले 10 साल में पहली बार 500 से ज्यादा रन खर्च किए। इससे पहले 2015 में भारत के खिलाफ ऑस्ट्रेलिया ने सिडनी में 572 रन बनाए थे।
रूट टेस्ट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले दूसरे बैटर
जो रूट टेस्ट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बैटर्स की सूची में दूसरे नंबर पर आ गए। वे अब सिर्फ भारतीय दिग्गज सचिन तेंदुलकर के 15,921 रन के वर्ल्ड रिकॉर्ड से पीछे हैं। रूट ने तीसरे दिन रिकी पोंटिंग, जैक कैलिस और राहुल द्रविड़ को पीछे छोड़ा।
रूट टेस्ट में भारत के खिलाफ सबसे ज्यादा शतक लगाने वाले बैटर
जो रूट भारत के खिलाफ सबसे ज्यादा शतक लगाने वाले बल्लेबाज भी बने। उनके नाम अब 12 मैच में 12 शतक हैं। उन्होंने ऑस्ट्रेलिया के स्टीव स्मिथ को पीछे छोड़ा, जिन्होंने 11 शतक लगाए हैं।
















