122334318
122334318

नई दिल्ली , टीम इंडिया के टेस्ट कप्तान शुभमन गिल इंग्लैंड में इतिहास रचने के करीब हैं। वे 2 ही टेस्ट में 3 शतक लगाकर 585 रन बना चुके हैं। 3 टेस्ट में 390 रन और बनाते ही शुभमन एक सीरीज में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले प्लेयर बन जाएंगे। इस मामले में वे ऑस्ट्रेलिया के दिग्गज डोनाल्ड ब्रैडमैन का 95 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ देंगे।

वहीं शुभमन को एक सीरीज में सबसे ज्यादा रन बनाने वाला भारतीय भी बन सकते हैं। इस मामले में वे सुनील गावस्कर का 54 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ेंगे। इतना ही नहीं, वे इंग्लैंड में एक सीरीज में सबसे ज्यादा टेस्ट रन बनाने वाले भारतीय भी बन सकते हैं।

शुभमन ने 2 ही टेस्ट में 585 रन बना दिए हैं। वे इंग्लैंड में एक टेस्ट सीरीज में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले भारतीय बनने से महज 18 रन दूर हैं। 603 रन बनाते ही वे राहुल द्रविड़ को पीछे छोड़ देंगे, जिन्होंने 2002 में 3 शतक लगाकर 602 रन बनाए थे।

शुभमन 9 रन और बनाते ही इंग्लैंड में एक टेस्ट सीरीज में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले भारतीय कप्तान भी बन जाएंगे। इस मामले में वे विराट कोहली का रिकॉर्ड तोड़ेंगे। जिन्होंने 2018 में जेम्स एंडरसन और स्टुअर्ट ब्रॉड जैसे बॉलर्स के खिलाफ 593 रन बनाए थे।

शुभमन गिल 190 रन और बनाते ही एक टेस्ट सीरीज में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले भारतीय भी बन जाएंगे। इस मामले में वे सुनील गावस्कर का रिकॉर्ड तोड़ेंगे, जिन्होंने 1971 में वेस्टइंडीज के खिलाफ 4 ही टेस्ट में 774 रन बना दिए थे।

इंग्लैंड के खिलाफ एक टेस्ट सीरीज में सबसे ज्यादा रन का रिकॉर्ड बनाने वाला भारतीय बनने के लिए शुभमन को 128 रन ही चाहिए। वे 713 रन बनाते ही यशस्वी जायसवाल का रिकॉर्ड तोड़ देंगे, जिन्होंने पिछले साल ही घरेलू कंडीशन में 712 रन बनाए थे।

शुभमन गिल 148 रन और बनाते ही एक टेस्ट सीरीज में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले भारतीय कप्तान भी बन जाएंगे। इस मामले में वे सुनील गावस्कर का 47 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ेंगे। जिन्होंने 1978 में वेस्टइंडीज के खिलाफ 6 टेस्ट में 732 रन बनाए थे।

शुभमन 71 रन और बनाते ही इंग्लैंड के खिलाफ सबसे ज्यादा रन बनाने वाले भारतीय कप्तान भी बन जाएंगे। इस मामले में विराट कोहली को पीछे छोड़ेंगे, जिन्होंने 2016 में घरेलू कंडीशन में ही 655 रन बनाए थे।

एक सीरीज में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले कप्तान भी डॉन ब्रैडमैन ही हैं। उन्होंने 1936-37 की ऐशेज में इंग्लैंड के खिलाफ 5 टेस्ट में 810 रन बनाए थे। यह ब्रैडमैन की भी कप्तानी में पहली ही टेस्ट सीरीज थी। गिल 225 रन बनाते ही इस रिकॉर्ड को अपने नाम कर लेंगे।