नई दिल्ली । श्रीलंका ने दूसरे टेस्ट में बांग्लादेश को पारी और 78 रन से हरा दिया। इसी के साथ श्रीलंकाई टीम ने 2 मैच की टेस्ट सीरीज में 1-0 से अपने नाम कर ली। सीरीज का पहला मैच ड्रॉ रहा था।
स्पिनर प्रबथ जयसूर्या के 5 विकेट की बदौलत कोलंबो टेस्ट के चौथे दिन श्रीलंका ने बांग्लादेश की दूसरी पारी को 133 रन पर ऑलआउट कर दिया। पहली पारी में बल्लेबाजी करते हुए बांग्लादेश ने 247 रन बनाए थे। टीम से शादमान इस्लाम ने सबसे ज्यादा 46 रन बनाए।
पथुम निसंका के शतक से श्रीलंका ने पहली पारी में 458 रन बनाए। टीम को बांग्लादेश की पहली पारी के आधार पर 211 रन की बढ़त मिली। निसंका को उनके 158 रन के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
आखिरी 5 विकेट 33 रन पर गिरे
तीसरे दिन बांग्लादेश का स्कोर 6 विकेट पर 115 रन था और लेकिन चौथे दिन आधे घंटे के अंदर बांग्लादेश ने बाकी 4 विकेट गंवा दिए। टीम ने आखिरी 5 विकेट मात्र 33 रन पर गंवाए। श्रीलंकाई स्पिनर प्रबथ जयसूर्या ने सबसे ज्यादा 5 विकेट लिए। उनके अलावा धनंजय डी सिल्वा और थारिंदू रथनायके को 2-2 विकेट मिला। असिथा फर्नांडो ने एक विकेट लिया।
बांग्लादेश के लिए दूसरी पारी की शुरुआत करने आए अनामुल हक को तीसरे दिन चाय से ठीक पहले के आखिरी ओवर में असिथा फर्नांडो ने 19 रन पर पवेलियन भेजा। अनामुल ने 2 चौका और एक सिक्स लगाए। उन्होंने शादमान इस्लाम के साथ पहले विकेट के लिए 31 रन जोड़े।
शादमान इस्लाम (12 रन), मोमिनुल हक (15 रन) और मुश्फिकुर रहीम (26 रन) बनाकर आउट हुए। टीम से कोई भी बल्लेबाज ज्यादा देर तक पिच पर टिक नहीं सका। कप्तान नजमुल हुसैन शांतो का विकेट 19 रन पर डी सिल्वा ने लिया। तीसरे दिन के स्टंप्स से ठीक पहले मेहदी हसन मिराज को थारिंदु रथनायके ने 11 रन पर LBW किया।
















