guicbcqwsaat2zz 1751034950
guicbcqwsaat2zz 1751034950

नई दिल्ली । भारतीय विकेटकीपर-बल्लेबाज ऋषभ पंत एक और शतक के साथ डॉन ब्रैडमैन, राहुल द्रविड़ और ब्रायन लारा जैसे दिग्गजों की सूची में शामिल हो सकते हैं। इंग्लैंड के खिलाफ एजबेस्टन में 2 जुलाई से दूसरा टेस्ट शुरू होगा। लीड्स में खेले गए पहले टेस्ट में पंत ने दोनों इनिंग में सेंचुरी लगाई थी। उन्होंने पहली पारी में 134 और दूसरी पारी में 118 रन बनाए थे। हालांकि भारत यह मैच 5 विकेट से हार गया था।

द्रविड़, लारा और ब्रैडमैन के लिस्ट में हो सकते हैं शामिल

अगर पंत एजबेस्टन टेस्ट में एक और शतक लगाते हैं, तो वे इंग्लैंड में लगातार 3 टेस्ट शतक लगाने वाले सिर्फ सातवें विदेशी बल्लेबाज बन जाएंगे। इस लिस्ट में अब तक डॉन ब्रैडमैन, वॉरेन बार्डस्ले, चार्ल्स मैकार्टनी, राहुल द्रविड़, ब्रायन लारा और डेरिल मिचेल शामिल हैं।

राहुल द्रविड़ इस उपलब्धि को हासिल करने वाले एकमात्र भारतीय हैं, जिन्होंने 2002 में नॉटिंघम (115 रन), लीड्स (148 रन) और द ओवल (217 रन) में लगातार शतक लगाए थे। डेरिल मिचेल ने 2022 में लॉर्ड्स (108 रन), नॉटिंघम (190 रन) और लीड्स (109 रन) में यह कारनामा किया।

पंत के रिकार्ड्स…

  • भारतीय विकेटकीपर के रूप में सबसे ज्यादा टेस्ट शतक लगाने वाले बल्लेबाज बन चुके हैं। उनके अब 8 शतक हो चुके हैं।
  • पंत SENA देशों (साउथ अफ्रीका, इंग्लैंड, न्यूजीलैंड, ऑस्ट्रेलिया) में किसी भी एशियाई विकेटकीपर द्वारा सबसे ज्यादा रन बना चुके हैं। उनके 27 मैच में 1933 रन हैं। इसमें 6 शतक और 5 फिफ्टी शामिल है।
  • पंत पहले भारतीय विकेटकीपर हैं, जिन्होंने टेस्ट के एक इनिंग की दोनों पारियों में शतक लगाया है।

पंत इंग्लैंड में 808 रन बना चुके

अब तक ऋषभ पंत इंग्लैंड में 10 टेस्ट की 19 पारियों में 808 रन बना चुके हैं। उनका औसत 42.52 का है, जिसमें 4 शतक और 2 अर्धशतक शामिल हैं। उनका बेस्ट स्कोर 146 रन है, जो उन्होंने जुलाई 2022 में एजबेस्टन में ही 111 गेंदों में 19 चौकों और 4 छक्कों के साथ बनाया था। उस पारी में उन्होंने रवींद्र जडेजा के साथ मिलकर 98/5 के स्कोर से भारत को 416 रन तक पहुंचाया था। हालांकि भारत वह मैच हार गया था क्योंकि इंग्लैंड ने चौथी पारी में इतिहास बनाते हुए अपने टेस्ट इतिहास का सबसे बड़ा 378 रन का लक्ष्य हासिल कर लिया था।