image 2025 06 23T114747.166
image 2025 06 23T114747.166

नई दिल्ली, कार्लोस अल्काराज ने विंबलडन से 8 दिन पहले लंदन में ग्रास कोर्ट पर खेले गए टेनिस टूर्नामेंट क्वींस क्लब चैंपियनशिप जीत लिया है। उन्होंने फाइनल में जिरी लहेच्का को 7-5, 6-7, 6-2 से हराकर दूसरी बार यह खिताब जीता है।

इसके साथ ही उनकी जीत का सिलसिला 18 मैचों तक पहुंच गया, जो उनके करियर का सबसे लंबा विजयी क्रम है। यह उनका चौथा ग्रास कोर्ट खिताब है। अब केवल सर्बिया के नोवाक जोकोविच ही उनसे ज्यादा ग्रास कोर्ट खिताब (आठ) जीतने वाले सक्रिय खिलाड़ी हैं।

चार या उससे ज्यादा ग्रास कोर्ट खिताब जीतने वाले तीसरे स्पेनिश खिलाड़ी अल्काराज चार या उससे ज्यादा ग्रास कोर्ट खिताब जीतने वाले पांचवें सक्रिय पुरुष खिलाड़ी हैं। स्पेन के केवल तीन खिलाड़ियों राफेल नडाल, फेलिसियानो लोपेज और अल्काराज ने चार ग्रास कोर्ट खिताब जीते हैं। लेकिन अल्काराज ने यह उपलब्धि 22 साल की उम्र में हासिल की, जबकि नडाल 29 और लोपेज 37 साल के थे।

ग्रास कोर्ट पर अब वह सहज हो गए हैं- अल्काराज जीत के बाद अल्काराज ने कहा कि मिट्टी के कोर्ट से ग्रास के कोर्ट पर आना आसान नहीं था। उन्होंने बताया,’मिट्टी से ग्रास पर सिर्फ दो दिन की प्रैक्टिस के बाद आना मुश्किल था। मैं बिना किसी उम्मीद के यहां आया था। मेरा लक्ष्य सिर्फ दो-तीन मैच खेलकर ग्रास पर सहज होना था। लेकिन मैं जल्दी ही ग्रास पर ढल गया और मुझे इस पर गर्व है।’

अल्काराज ने इससे पहले 8 जून को फ्रेंच ओपन के खेले गए फाइनल में इटली के जैनिक सिनर को हरा कर अपना पांचवां ग्रैंड स्लैम जीता था। फ्रेंच ओपन क्ले कोर्ट (लाल मिट्टी) पर खेला जाता है। वहीं, स्पेनिश खिलाड़ी स्पेन में क्ले कोर्ट पर ही प्रैक्टिस करते हैं।

अल्काराज विंबलडन में लगातार तीसरा खिताब जीतने के लिए उतरेंगे अब अल्काराज विंबलडन में लगातार तीसरा खिताब जीतने की कोशिश करेंगे। ओपन एरा में केवल तीन पुरुष खिलाड़ियों ब्योर्न बोर्ग, पीट सैम्प्रास और रोजर फेडरर ने कम से कम तीन बार लगातार विंबलडन खिताब जीता है।