नई दिल्ली, पूर्व भारतीय खिलाड़ी सुरेश रैना का मानना है कि कप्तान शुभमन गिल को अच्छे से खेलते हुए टीम के लिए स्टैंड लेना होगा। IPL-2025 के टॉप-5 ऑरेंज कैप होल्डर में 3 बल्लेबाज गुजरात टाइटंस के हैं। टीम के टॉप बैटर्स तो फॉर्म में हैं, लेकिन मिडिल ऑर्डर का प्रदर्शन अब तक खास नहीं रहा है।
जियोहॉटस्टार प्रेस रूम (रेस टू प्लेऑफ) में रैना ने दैनिक भास्कर के सवाल जोस बटलर के प्लेऑफ के समय इंटरनेशनल ड्यूटी की वजह से वापस इंग्लैंड जाने पर कहा, टीम को उनकी कमी खलेगी। बटलर की जगह श्रीलंका के कमिंडू मेंडिस को चुना गया है। लेकिन उनका लेवल मैच करना अलग बात है।
IPL में कप्तानी का गिल को फायदा: गावस्कर
भारत के संभावित टेस्ट कप्तान शुभमन गिल पर सुनील गावस्कर ने कहा, गिल का कॉम्पिटिशन सबसे अलग है। उनके अंदर भारतीय टेस्ट टीम का कप्तान बनने की क्षमता है। इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) भविष्य के भारतीय कप्तानों की ट्रेनिंग के लिए बिलकुल सही मैदान है जो शुभमन गिल जैसे खिलाड़ियों को अनुभव प्रदान कर रहा है।
रोहित शर्मा के संन्यास लेने के बाद गुजरात टाइटंस के कप्तान गिल इंग्लैंड दौरे पर भारत की कप्तानी कर सकते हैं और ऋषभ पंत उप कप्तान हो सकते हैं। रोहित के बाद विराट कोहली ने भी संन्यास ले लिया था, जिससे टीम को दोबारा बनाने की जिम्मेदारी हेड कोच गौतम गंभीर पर है।
गावस्कर ने कहा कि गिल के अलावा अन्य संभावित कप्तान जैसे ऋषभ पंत तथा श्रेयस अय्यर को तैयार होने में कम से कम दो साल लगेंगे। पंत इस समय लखनऊ सुपर जायंट्स की कप्तानी कर रहे हैं जबकि अय्यर इस IPL में पंजाब किंग्स की कप्तानी कर रहे हैं।
गिल, अय्यर और पंत मुख्य दावेदार
गावस्कर ने कहा, अभी भारतीय कप्तानी के 3 मुख्य दावेदार गिल, अय्यर और पंत हैं। इनमें से बेस्ट गिल हैं क्योंकि जब भी कोई फैसला होता है तो वह तुरंत अंपायर से पूछते हैं। हालांकि पंत स्टंप के पीछे होते हैं और वह भी इन सभी मैदानी फैसलों में अच्छी तरह शामिल होते हैं। अय्यर भी शानदार रहे हैं। इन तीनों ने सकारात्मक तरीके से कप्तानी की है।
















