untitled design 2025 12 20t131434312 1766216677
untitled design 2025 12 20t131434312 1766216677

नई दिल्ली, आईसीसी टी-20 वर्ल्डकप से पहले टीम इंडिया के संयोजन को लेकर चर्चाएं तेज हैं। इसी बीच पूर्व भारतीय क्रिकेटर रॉबिन उथप्पा ने भारत के मिडिल ऑर्डर और फिनिशर को लेकर अपनी स्पष्ट राय रखी है। उथप्पा का मानना है कि टी-20 जैसे छोटे और तेज प्रारूप में शीर्ष क्रम जितना अहम है, उतना ही निर्णायक रोल मिडिल ऑर्डर और फिनिशर्स का होता है, जो दबाव में मैच का रुख पलट सकते हैं।

टी-20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए भारतीय टीम का ऐलान आज किया जाएगा। इसके पहले शुक्रवार को प्रेस रूम में जियोस्टार एक्सपर्ट इरफान पठान और रॉबिन उथप्पा ने टी-20 वर्ल्ड कप स्क्वॉड को लेकर मीडिया से बातचीत की।

टी-20 वर्ल्ड कप से पहले टीम इंडिया के मिडिल ऑर्डर और फिनिशर को लेकर चर्चाएं तेज हैं। ऐसे में रॉबिन उथप्पा ने भारतीय टीम की संभावित बल्लेबाजी क्रम पर अपनी राय रखी।

उथप्पा ने दैनिक भास्कर के सवाल पर कहा, न्यूजीलैंड के खिलाफ होने वाले अगले पांच मैचों के दौरान टीम का बल्लेबाजी ऑर्डर लगभग तय हो जाएगा। मिडिल ऑर्डर में तिलक वर्मा, सूर्यकुमार यादव और शिवम दुबे को देखा जा सकता है।

उन्होंने आगे कहा, फिनिशर की भूमिका में हार्दिक पंड्या और जितेश शर्मा अहम हो सकते हैं। उथप्पा ने यह भी कहा कि अगर संजू सैमसन प्लेइंग-XI में वापसी करते हैं, तो यह देखना दिलचस्प होगा कि वे नंबर-3 पर बल्लेबाजी करते हैं या ओपनिंग करते हैं, या फिर वे जितेश शर्मा की जगह लेते हैं।

फिनिशर की भूमिका पर बात करते हुए उथप्पा ने कहा कि टी-20 वर्ल्डकप में आखिरी 4-5 ओवर ही अक्सर मैच का नतीजा तय करते हैं। ऐसे में ऐसे बल्लेबाज जरूरी हैं जो बिना दबाव में आए बड़े शॉट खेल सकें और गेंदबाजों पर हावी हो सकें। उन्होंने कहा कि भारत के पास ऐसे खिलाड़ी हैं जो कम गेंदों में ज्यादा रन बनाने की क्षमता रखते हैं और जरूरत पड़ने पर जिम्मेदारी भी निभा सकते हैं।

उथप्पा का मानना है कि अगर मिडिल ऑर्डर मजबूत रहा और फिनिशर्स ने अपनी भूमिका सही ढंग से निभाई, तो टीम इंडिया किसी भी विरोधी के खिलाफ बड़ा स्कोर खड़ा करने या लक्ष्य का पीछा करने में सक्षम होगी। उनकी यह राय चयनकर्ताओं और टीम मैनेजमेंट के लिए भी अहम मानी जा रही है, क्योंकि टी-20 वर्ल्डकप जैसे टूर्नामेंट में छोटी-छोटी रणनीतियां ही खिताब का रास्ता तय करती हैं।