नई दिल्ली, क्रिकेट दुनिया में नाम कमाने के लिए केवल मैदान पर प्रदर्शन ही काफी नहीं होता, बल्कि लोगों की दिलचस्पी और ऑनलाइन चर्चा भी किसी खिलाड़ी की लोकप्रियता को नई ऊंचाइयाँ देती है। हाल ही में वैभव सूर्यवंशी का नाम गूगल ट्रेंड्स में भारत के नंबर-1 क्रिकेटर के रूप में सामने आया है। यह उपलब्धि बताती है कि यह युवा खिलाड़ी भारतीय क्रिकेट के भविष्य का एक चमकता हुआ चेहरा बन चुका है। सोशल मीडिया पर उनकी चर्चा, हालिया मैचों में प्रदर्शन और नए रिकॉर्ड्स की वजह से वह क्रिकेट प्रशंसकों के बीच एक बड़ा आकर्षण बन गए हैं।
भारत के 14 साल के बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी साल 2025 में देश में सबसे ज्यादा सर्च किए जाने वाले पर्सनैलिटी बन गए हैं। वहीं, दुनिया भर में वह छठे सबसे ज्यादा सर्च किए जाने वाले पर्सनैलिटी रहे। IPL, अंडर-19 और टी-20 में लगातार रिकॉर्ड तोड़ प्रदर्शन के कारण पिछले एक साल में उनकी लोकप्रियता तेजी से बढ़ी है।
वैभव मूल रूप से बिहार से आते हैं। पिछले साल मात्र 14 साल की उम्र में राजस्थान रॉयल्स ने उन्हें 1.1 करोड़ रुपये में खरीदा था। यह IPL इतिहास में सबसे कम उम्र में मिला कॉन्ट्रैक्ट है। इस साल वैभव ने IPL में डेब्यू किया। वह लेफ्ट-हैंडेड बल्लेबाज हैं और टी-20 में सबसे कम उम्र में शतक लगाने वाले खिलाड़ी बने। उन्होंने यह उपलब्धि IPL 2025 में राजस्थान रॉयल्स की ओर से गुजरात टाइटंस के खिलाफ हासिल की।
प्रियांश आर्य दूसरे नंबर पर गूगल ट्रेंड्स 2025 की सर्च लिस्ट में वैभव सूर्यवंशी के बाद प्रियांश आर्य दूसरे नंबर पर रहे। प्रियांश दिल्ली की ओर से खेलते हैं और IPL में पंजाब किंग्स का हिस्सा हैं। अपने पहले ही IPL सीजन में उन्होंने 17 मैचों में 475 रन बनाए।
तीसरे स्थान पर अभिषेक शर्मा रहे। अभिषेक ने हाल ही में सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में सिर्फ 12 गेंदों में फिफ्टी लगाकर इतिहास रचा था। हैरानी की बात यह रही कि टॉप-5 में आंध्र प्रदेश के गुन्टूर के 21 वर्षीय शेख रशीद भी शामिल रहे।
गूगल ट्रेंड्स में नंबर-1 होना सिर्फ एक डिजिटल उपलब्धि नहीं, बल्कि यह इस बात का संकेत है कि वैभव सूर्यवंशी भारतीय क्रिकेट की नई उम्मीद हैं। उनकी लोकप्रियता, खेल कौशल और निरंतर प्रदर्शन उन्हें उस मुकाम पर ले जा सकते हैं जहां वह भविष्य में टीम इंडिया की बल्लेबाजी का बड़ा स्तंभ बनकर उभरें।

















