नई दिल्ली, भारत की साउथ अफ्रीका के खिलाफ टेस्ट सीरीज में करारी हार के बाद टीम इंडिया के मुख्य कोच गौतम गंभीर एक बार फिर चर्चा के केंद्र में हैं। गुवाहाटी टेस्ट में 408 रन से मिली हार ने टीम के बैटिंग-बॉलिंग कॉम्बिनेशन, चयन रणनीति और तैयारी पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं। यही कारण है कि प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान गंभीर ने कहा—
“मेरा भविष्य और मेरा फैसला BCCI करेगी। मैं अपनी जिम्मेदारियों को पूरी पारदर्शिता से निभा रहा हूँ।”
यह बयान संकेत देता है कि गंभीर अब अपने कार्यकाल को लेकर किसी भी तरह की अटकलों में नहीं पड़ना चाहते और अंतिम निर्णय बोर्ड पर छोड़ रहे हैं।
इंडियन क्रिकेट टीम के कोच गौतम गंभीर ने घरेलू सीरीज में साउथ अफ्रीका से हार की जिम्मेदारी ली है। उन्होंने बुधवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि जिम्मेदारी सबसे पहले मुझ पर आती है।
गंभीर ने कहा- किसी एक खिलाड़ी या किसी एक शॉट को दोष नहीं दिया जा सकता। जिम्मेदारी सभी की है और शुरुआत मुझसे होती है। मैंने कभी किसी खिलाड़ी को दोष नहीं दिया और आगे भी नहीं दूंगा।
भारत को बुधवार को गुवाहाटी टेस्ट में साउथ अफ्रीका के खिलाफ 408 रनों की हार मिली। रनों के लिहाज से यह भारत की अब तक की सबसे बड़ी हार है। इसी के साथ टीम पिछले 13 महीनों में दूसरी बार घर में ही क्लीन स्वीप हो गई है।
टीम इंडिया का 13 महीने में दूसरी बार क्लीन स्वीप
- गौतम गंभीर की कोचिंग में भारत ने 19 में से 10 टेस्ट हारे हैं। इनमें पिछले साल न्यूजीलैंड ने टीम इंडिया को घर में 3-0 और अब साउथ अफ्रीका ने 2-0 से क्लीन स्वीप किया।
- गंभीर को जुलाई 2024 में भारत का हेड कोच बनाया गया। उनकी कोचिंग में भारत को पिछले 13 महीन में अपने घर में दूसरी बार क्लीन स्वीप झेलना पड़ा है।
- टीम में लगातार बदलाव करने और टेस्ट क्रिकेट में विशेषज्ञ खिलाड़ियों की जगह ऑलराउंडर्स पर ज्यादा भरोसा करने के लिए गंभीर की आलोचना हो रही है।















