नई दिल्ली, भारतीय महिला क्रिकेट टीम की स्टार बल्लेबाज़ स्मृति मंधाना को उनके बेहतरीन प्रदर्शन के लिए ICC प्लेयर ऑफ द मंथ के लिए नॉमिनेट किया गया है। इस महीने मंधाना ने लगातार शानदार पारियां खेलकर टीम को मजबूत शुरुआत दिलाई, वहीं कठिन परिस्थितियों में टिककर खेलने की उनकी क्षमता ने उन्हें अन्य खिलाड़ियों से अलग बनाया।
विमेंस वनडे वर्ल्ड कप में भारत के लिए सबसे ज्यादा रन बनाने वाली स्मृति मंधाना को ICC के बेस्ट प्लेयर ऑफ द मंथ के लिए नॉमिनेट किया गया है।
29 साल की मंधाना ने 2 नवंबर को समाप्त हुए टूर्नामेंट में 434 रन बनाए थे। उनके इस प्रदर्शन की मदद से भारतीय टीम साउथ अफ्रीका को 52 रनों से हराते हुए पहली बार वर्ल्ड चैंपियन बनी थी।
अक्टूबर महीने के नॉमिनेशन में भारतीय उपकप्तान मंधाना के अलावा, साउथ अफ्रीका की कप्तान लौरा वोल्वार्ट और ऑस्ट्रेलिया की एश्ले गार्डनर भी शामिल हैं।
मंधाना ने अहम मौकों पर रन बनाए मंधाना ने टॉप ऑर्डर में भारतीय बैटिंग को लीड किया। उन्होंने वर्ल्ड कप में प्रतिका रावल के साथ कई ओपनिंग पार्टनरशिप की। मंधाना ने 7 बार की चैंपियन ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 80 रन की और फिर इंग्लैंड के खिलाफ 88 रन की आक्रामक पारी खेली। हालांकि, इन दोनों मैचों में भारती टीम हार गई।
मंधाना ने न्यूजीलैंड के खिलाफ करो या मरो के मैच में 109 रन की पारी खेली। उन्होंने प्रतिका के साथ 212 रन की मैच विनिंग पार्टनरशिप की। मंधाना ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ फाइनल में 45 रन बनाकर टीम को अच्छी शुरुआत कराई और शेफाली वर्मा के साथ शतकीय साझेदारी निभाई।
भारतीय फैंस सोशल मीडिया पर उन्हें सपोर्ट कर रहे हैं और यह उम्मीद कर रहे हैं कि इस बार ट्रॉफी मंधाना के नाम होगी।
स्मृति मंधाना का यह नॉमिनेशन उनके संघर्ष, मेहनत और निरंतर प्रदर्शन का परिणाम है, जो भारतीय महिला क्रिकेट की नई ऊंचाइयों का प्रतीक है।















